ज्यौड़ियां। नगर पालिका खौड़ निवासी एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। किशोरी के परिजनों की तरफ से पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार एक किशोरी को घर में अकेली पा कर उसी मोहल्ले के एक 55 साल के व्यक्ति ने छेड़छाड़ की। बताया जा रहा है कि किशोरी के परिजन पास में अपने भाई के घर में चौबारसी कार्यक्रम में गए थे। जब किशोरी के साथ आरोपी छेड़छाड़ कर रहा था तो घर में अचानक किशोरी की मां घर में आ गई, और आरोपी भाग निकला। बताया जा रहा है कि आरोपी किशोरी का रिश्तेदारी में ताऊ लगता है। किशोरी के परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। किशोरी के परिजनों के अनुसार उनके इस मामले को दबाने का भी दबाव बनाया गया, जिसके लिये उन्हें अखनूर डीएसपी कार्यालय से लेकर एसएसपी जम्मू के कार्यालय तक भटकना पड़ा। किशोरी के परिजनों ने पार्षद पवन सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। किशोरी के परिजनों के अनुसार पवन सिंह ने किशोरी के परिजनों को पैसे देकर मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की, जिसको लेकर किशोरी के परिजनों में रोष है।
----------
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पार्षद पवन सिंह के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी, क्योंकि उसने किशोरी के परिजनों को पैसे देने की कोशिश की है, जिसको लेकर किशोरी के 164 के तहत बयान दर्ज किए जाएंगे और जिनके आधार पर पवन सिंह को भी हिरासत में लिया जाएगा।
-बलविंदर सिंह भाऊ, थाना प्रभारी, खौड़