ज्यौड़ियां। बैंक से पेंशन के पैसे निकाल कर लौट रही बुजुुर्ग महिला से एक बदमाश ने हाथापाई की और कान से सोने की बाली लूट ली। महिला के साथ उसकी बेटी भी थी। शोर मचाने पर लुटेरा भाग निकला। इस संबंध में खौड़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
खौड़ के गांव रखमलाल निवासी 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला खखरो देवी पत्नी स्वर्गीय कृष्ण लाल वीरवार को जम्मू-कश्मीर बैंक शाखा खौड़ में बेटी चंचलो देवी के साथ पेंशन लेने गई थीं। पेंशन लेने के बाद वह पैदल ही निकलीं। जब दोनों ने खौड़ कैंप के नजदीक काली माता के मंदिर को क्रास किया तो रास्ते में एक युवक ने उनसे हाथापाई की, और बुजुर्ग महिला कान से सोने की बाली लूट ली। महिला के कान से खून बहने लगा और शोर मचाने पर लुटेरा भाग निकला।
बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला को कम दिखाई देता है। इसलिए वह बेटी को साथ लेकर गई थी। बेटी की भी दिमागी हालत ठीक नहीं है। युवक ने पहले दोनों की आंखों में मिट्टी डाली और फिर महिला के कान से बाली झपटी। महिला के परिजनों के अनुसार दोनों के पास उस समय चार हजार के करीब रुपये भी थे। जो बैंक से निकाल कर लाई थीं। शोर मचाने पर लुटेरा भाग गया। इस दौरान वह रुपये बच गए।
महिलाओं ने आप बीती घर आकर सुनाई और परिजनों ने पुलिस स्टेशन खौड़ में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस संदर्भ में दो युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। बुजुर्ग महिला के कान में छह टाकें लगे हैं। थाना प्रभारी बलविंदर सिंह भाऊ ने बताया कि हमने दो युवाओं को हिरासत में लिया है। पहचान होने पर कार्रवाई होगी।