- दूसरे मुकाबले में इतिहास विभाग ने लाइफ लांग लर्निंग विभाग को तीन विकेट से किया पराजित (फोटो)
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू विश्वविद्यालय में जारी अंतर-विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में वीरवार को दो मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में सामरिक व क्षेत्रीय अध्ययन (डीएसआरएस) विभाग ने उधमपुर कैंपस की टीम को पराजित किया। दूसरे मुकाबले में इतिहास विभाग ने लाइफ लांग लर्निंग विभाग को शिकस्त दी।
दिन का पहला मैच उधमपुर कैंपस की टीम और सामरिक व क्षेत्रीय अध्ययन (डीएसआरएस) विभाग के बीच खेला गया। इसमें डीएसआरएस विभाग ने 43 रनों से जीत हासिल की। उधमपुर कैंपस की टीम ने टाॅस जीतकर पहले फिल्डिंग करने का निर्णय लिया। डीएसआरएस विभाग ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। टीम के लिए अस्फाक ने 38, फिदा और विभव ने 27-27 और कामिल ने 20 रनों का योगदान दिया। वहीं, उधमपुर कैंपस के लिए रोहन, करमवीर और अक्षत ने एक-एक विकेट लिया। जीत के लिए 137 रनों का पीछा करने उतरी उधमपुर कैंपस की टीम 15 ओवर में तीन विकेट पर 93 रन ही बना सकी और मुकाबला 43 रनों से हार गई। टीम के लिए हरदौस ने 28, दीपक ने 18 और अमित ने 13 रनों का योगदान दिया। डीएसआरएस के लिए अस्फाक, निखिल और अभिनाष ने एक-एक विकेट लिया।
वहीं, दिन का दूसरा मुकाबला लाइफ लांग लर्निंग विभाग और इतिहास विभाग के बीच खेला गया। इसमें लाइफ लांग लर्निंग विभाग ने टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया और टीम 14.4 ओवर में 81 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए शाहिद ने 24 और सिद्धांत ने 23 रन बनाए। वहीं, इतिहास विभाग के लिए शिवेक और याकुब ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन-तीन विकेट चटकाए, जबकि अबु सोहेल को दो विकेट मिले। जवाब में इतिहास विभाग ने 9.1 ओवर में सात विकेट पर 82 रन बनाकर मुकाबला तीन विकेट से जीत लिया।
इतिहास विभाग के लिए अभिषेक ने 30 और अरविंद ने 21 रन बनाए। लाइफ लांग लर्निंग विभाग के लिए सरफराज ने तीन ओवर में मात्र 17 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट लिए। वहीं, मारुफ ने भी तीन ओवर में 10 रन देकर तीन विकेट लिए। हालांकि इन दोनों की गेंदबाजी टीम के काम नहीं आ सकी और लाइफ लांग लर्निंग विभाग को तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। जम्मू विश्वविद्यालय की यह अंतर-विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता कैंपस स्पोर्ट्स कमेटी के चेयरमैन डॉ. दाउद इकबाल बाबा की देखरेख में आयोजित की जा रही है।