सर्वक्ष्रेष्ठ खिलाड़ी को पुरूस्कृत करते हुए आयोजक।
- फोटो : REASI
रियासी। जिले के स्पोर्ट्स स्टेडियम में जारी अरुण वर्मा मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को दो मैच खेले गए। इसमें पौनी और सरस्वती क्लब ने जीत दर्ज की।
पहले मैच में विजयपुर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पारी के अंतिम ओवर की दो गेंदें शेष रहते 99 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज कालू ने 34 व रवि ने 11 रन बनाए। पौनी के गेंदबाज मोहित ने विजयपुर की टीम पर अपनी गेंदबाजी का कहर बरपाया, और छह विकेट झटके। वहीं, प्रदीप ने भी तीन विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पौनी की टीम ने 14वें ओवर में मात्र दो विकेट खोकर जीत हासिल की। बल्लेबाज गणेश ने 33, मोहित ने 21 तथा अनुभव ने 19 रन बनाए। विजयपुर के गेेंदबाज प्रीतम व राकेश ने एक-एक विकेट लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के बाद शानदार बल्लेबाजी के लिए मोहित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मैच में मुस्लिम क्लब ने पहले बल्लेबाजी कर सभी विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज नसीर ने 29, एजाज ने 36 तथा आसिफ ने 19 रन बनाए। सरस्वती क्लब के गेंदबाज कपिल, शादाब तथा विनोद ने दो-दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सरस्वती क्लब ने 15वें ओवर में जीत हासिल ली। बल्लेबाज कपिल ने 42, मानिक ने 35 व शिवा ने 20 रन बनाए। एमसीसी के गेंदबाज राजू मलिक ने दो व नसीर ने एक विकेट लिया। सरस्वती क्लब के हरफनमौला खिलाड़ी कपिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।