मैन आफ द मैच रहे प्रदीप को पुरूस्कृत करते हुए आयोजक।
- फोटो : REASI
रियासी। लोहड़ी कप-2022 में शुक्रवार को खेले गए मैच में विजयपुर की टीम ने माहौर को छह विकेट से हराकर क्रिकेट प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया।
विजयपुर की टीम ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। माहौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19 ओवरों में सभी विकेट के नुकसान पर 108 रन बनाए। माहौर के बल्लेबाज अशफाक ने 27 तथा अलताफ ने 22 रन बनाए। विजयपुर के गेंदबाज प्रदीप और धीरज ने दो-दो विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए विजयपुर के बल्लेबाजों ने अच्छी शुरूआत की। गेंदबाजी के बाद प्रदीप ने बल्लेबाजी में भी अपने हाथ खोले, और 35 गेंदों पर 40 रनों की शानदार पारी खेली। बाद में आयोजकों ने उनको ही मैन ऑफ द मैच भी घोषित किया। इसके अलावा बल्लेबाज धीरज ने भी 22 रन बनाए। माहौर के गेंदबाज अशफाक ने दो विकेट लिए। आयोजक कपिल शर्मा ने बताया कि सोमवार से प्रतियोगिता में क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे। मौसम ने पूरा साथ दिया तो गणतंत्र दिवस तक प्रतियोगिता का फाइनल मैच खेला जाएगा।