ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की पंचायत लोअर पलांवाला की वार्ड नंबर एक में करंट लगने से एक गाय की मौत हो गई। इसको लेकर लोगों ने रोष जताया। उनका कहना था कि मोहल्ले की गली में लगे खंभे में कंरट था। अगर इसके संपर्क में कोई व्यक्ति आता तो उसकी जान चली जाती। इस दौरान विभाग के किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर लोगों ने प्रदर्शन किया और पशुपालक को हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की।
गाय के मालिक भाग सिंह ने कहा कि उनके मोहल्ले में लोहे के खंभे लगाए गए हैं। सोमवार को गाय को जब पानी पिलाने के लिए बाहर निकाला तो वह गली में बिजली के खंभे के संपर्क में आ गई। इस दौरान करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उक्त गाय का दूध बेचकर ही उनके घर की रोजीरोटी चल रही थी। मौके पर पहुंचीं पंचायत लोअर पलांवाला की पूर्व सरपंच गीता राजपूत ने बिजली विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
लोगों का कहना है कि गाय की मौत बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुई है। इस बीच मामले को बढ़ता देख विभाग की तरफ से मौके पर लाइनमैन को भेजा गया। चौकी प्रभारी सतजीत सिंह भी पहुंचे। उन्होंने लोगों को शांत कराया। बिजली विभाग के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि गाय के मालिक की हरसंभव मदद दिलवाने की कोशिश की जाएगी। इस मौके पर सेवानिवृत्त कैप्टन परषोतम सिंह, गुलबदन सिंह, सुभाष सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।