जम्मू। कोविड के लक्षण मिलने पर सामान्य पीड़ित खुद को घरों में आइसोलेट रखकर ठीक हो सकते हैं। इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है। हालांकि, पहले से बीमार लोगों को अधिक एहतियात बरतने की जरूरत है।
विशेषज्ञ डाक्टरों के अनुसार नए कोविड के मामलों में पीड़ितों को सात दिन सामान्य होने में लग रहे हैं। मगर पहले से किन्हीं बीमारियों से पीड़ित लोगों को शारीरिक समस्याएं अधिक हो सकती हैं। इसमें बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। जम्मू कश्मीर में अब तक नौ कोविड के मामले मिल चुके हैं, दो सामान्य श्रेणी के हैं।
जीएमसी जम्मू के मेडिसिन विभाग के एचओडी डा. फैयाज वानी कहते हैं कि कोविड को लेकर प्रदेश में पहले ही तीन लहर आ चुकी हैं, जिससे लगभग लोगों को इसके बचाव को लेकर अनुभव प्राप्त है। भारत में वर्तमान में ओमिक्रान के कई सब वैरिएंट मिले हैं। प्रदेश में करीब चार हजार लोग कोविड संक्रमित हुए थे और छह लोगों की मौत हुई थी।
जीएमसी की ओपीडी में कोरोना के ऐसे मामले रिपोर्ट नहीं हो रहे हैं। लोगों को सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का कड़ाई से इस्तेमाल करना चाहिए। ऐसे लोगों में अगर कोविड के लक्षण मिलते हैं तो तुरंत डाक्टर की सलाह ली जाए। सामान्य मामलों में पीड़ित खुद को घर में सात दिन के लिए आइसोलेट करे।
जीएमसी में फिलहाल कोई भी कोरोना से पीड़ित भर्ती नहीं है, लेकिन तैयारियां पूरी की गई हैं। इसके लिए 32 बेड वाला आइसोलेशन वार्ड तैयार किया गया है। इसके अलावा भी अन्य इंतजाम किए गए हैं।