- मुख्य सचिव को दिया अधिकारियों की जांच करने का आदेश
जम्मू। आदेश की अवमानना पर केंद्रीय प्रशासनिक न्यायाधिकरण (कैट) ने तत्काल प्रभाव से दो अधिकारियों का का वेतन रोकने का आदेश दिया है। इसके साथ ही मुख्य सचिव को अधिकारियों के खिलाफ जांच शुरू करने और अदालत के आदेशों का पालन न करने के लिए सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। कैट ने आदेश में हिदायत देते हुए कहा कि कोई भी कानून से ऊपर नहीं है। अधिकारियों के उदासीन रवैये के कारण निर्दोष वादियों को परेशानी में नहीं डाला जा सकता।
कैट के न्यायिक सदस्य राजिंदर डोगरा और प्रशासनिक सदस्य राम मोहन जौहरी की पीठ ने तीन बार आदेश जारी होने के बावजूद जवाब दाखिल न करने और न्यायाधिकरण के समक्ष उपस्थित न होने पर सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया है। इसी पीठ ने एक दूसरे मामले में आदेश जारी होने के बाद भी आवेदक का वेतन जारी न करने और अदालत के समक्ष उपस्थित न होने पर स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त सचिव का भी वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश जारी किया है। ब्यूरो