जम्मू यूनिवर्सिटी के विशेष दीक्षांत समारोह का काउंट डाउन शुरू हो गया है। 11 नवंबर को सुबह ग्यारह बजे जनरल जोरावर सिंह सभागार में रिहर्सल होगी। समारोह के लिए विशेष तौर से बैनर तैयार करवाए जा रहे हैं।
काउंट डाउन शुरू होने के साथ ही जनरल जोरावर सिंह सभागार में तैयारियां जोरों पर हैं। गौरतलब है कि 14 नवंबर बाल दिवस के दिन विशेष दीक्षांत समारोह का आयोजन हो रहा है। इसमें 624 गोल्ड मेडलिस्ट एवं पीएचडी होल्डरों को मुख्य अतिथि राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
परीक्षा की तैयारियों में जुटे विद्यार्थी
स्नातक पहले वर्ष के सेमेस्टर परीक्षा का काउंट डाउन शुरू हो गया है। इस महीने की पच्चीस तारीख से शुरू परीक्षा में अच्छे अंक लाने के लिए विद्यार्थी सैंपल पेपर और अन्य पाठ्य सामग्री के जरिये तैयारियों में जुटे हैं। वहीं कालेज में प्रोफेसर और स्टाफ सदस्यों से पाठ्यक्रम संबंधी मुश्किलों को हल कर रहे हैं। डिग्री कालेजों में एसेस्मेंट परीक्षा लगभग खत्म हो चुकी हैं।
विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए कालेज प्रशासन ने खास तौर पर ग्रियवियंस सेल बनाया है। गांधी नगर कालेज के बीएससी फर्स्ट ईयर की रोजी सिंह और बीकाम की इकरा खान ने बताया कि वह सेमेस्टर परीक्षा को लेकर चिंतित नहीं, बल्कि उन्हें परीक्षा को लेकर उत्सुकता है। उन्होंने बताया कि कालेज में हुए एसेस्मेंट परीक्षा के दौरान सेमेस्टर परीक्षा के पैटर्न के बारे में अच्छी खासी जानकारी मिली है। कालेज स्टाफ भी मदद करता रहता है।