जम्मू। घरों में टुल्लू पंपों को जल शक्ति विभाग जब्त करेगा क्योंकि ओवरहेड टैंक पानी छोड़ने के बाद ही खाली हो रहे हैं। इससे लोगों की जरूरत पूरी नहीं हो रही। जहां पर मोटरें चल रही हैं वहां पर्याप्त पानी पहुंच जाता है। जहां पर मोटरें नहीं हैं वहां पानी का प्रैशर कम है। इसलिए जल शक्ति विभाग की ओर से आदेश किया गया है।
अमर उजाला में पेयजल किल्लत की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया है। इस कारण विभाग ने कार्रवाई शुरू की है। उधर, गंदे पानी की समस्या का समाधान करने के लिए इस साल के अंत तक 50 फीसदी शहर पाइपलाइन से कवर होगा।
अभी तक 20 फीसदी काम हुआ है। अमृत-दो में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। अगले माह से काम तेज होगा। वर्षाें पहले बने ओवरहेड टैंक जो पानी डालने के बाद लीक हो गए थे, उन्हें चिन्हित कर नए ओवरहेड का निर्माण पूरे मानकों पर करने का भी फैसला लिया है। काम पर अधिकारी नजर रखेंगे। निर्माण सामग्री का विवरण ठेकेदारों को देना होगा। इससे सरकारी पैसों की बचत होगी।