इस बीच कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में तीसरे दिन शुक्रवार को भी लखनपुर से लद्दाख तक लॉकडाउन रखा गया। आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर अन्य सभी प्रतिष्ठान बंद रखे गए। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। जगह-जगह नाके लगाकर गैर जरूरी आवाजाही को रोका गया। कई जगहों पर पुलिस और अन्य सुरक्षाबलों ने सख्ती दिखाई। कई जिलों में दवा की दुकानों की छोड़कर अन्य आवश्यक वस्तुओं के प्रतिष्ठान बंद रखे गए हैं।
जम्मू कश्मीर में शुक्रवार को 281 संदिग्ध मरीजों को निगरानी में लिया गया। अब तक संदिग्धों के संपर्क में आए 5763 यात्री और व्यक्ति निगरानी में लिए जा चुके हैं। इसमें 3136 लोगों को घर और 169 को अस्पताल में क्वारंटीन करने के अलावा 1877 को घर पर सर्विलांस पर लिया गया है। इसमें 581 लोगों ने 28 दिन की सर्विलांस निगरानी पूरी कर ली है। कुल 423 मामलों में 400 के सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई है। जम्मू-कश्मीर में अब तक कोरोना वायरस के 18 पॉजिटिव मामले आ चुके हैं। इसमें 16 एक्टिव हैं और एक रिकवर किया गया है, जबकि एक मामले में मौत हुई है। पांच मामलों की अभी रिपोर्ट आना बाकी है।
जम्मू-सांबा में तीन कोविड अस्पताल बने
कोरोना वायरस से बचाव की तैयारी को देखते हुए जम्मू के साइकाइट्री और सीडी अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। दोनों अस्पतालों के मरीजों को जीएमसी और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। इसके साथ ही सांबा के जिला अस्पताल को भी कोविड अस्पताल घोषित किया गया है।