जम्मू। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए 21 दिन के लॉकडाउन में लोग घरोें में रहकर रुटीन जिंदगी के अनछुए पहलुओं को खंगाल रहे हैं। कहीं, पूरा परिवार ही साफ सफाई में हाथ बंटा रहा है तो कोई पेंटिंग और कुकिंग में हाथ आजमा रहा है। लॉकडाउन के दौरान लोगों ने अमर उजाला को तस्वीरें भेज कर अपने अनुभव साझा किए।
दयारन अखनूर से बीएसएफ हायर सेकेंडरी स्कूल में दसवीं के छात्र उज्ज्वल शर्मा ने अपनी पेटिंग का चित्र भेजा। उज्ज्वल ने लॉकडाउन के दौरान घरों में रहने वालों और बेवजह बाहर जाने वालों को चुटीले अंदाज में पेटिंग में उकेरा है।
शहर की निवासी मीनाक्षी आमला ने बताया कि वे अपनी बेटियों को कुकिंग सिखा रही हैं। घर के सामान में कुछ परिवर्तन कर इंटीरियर को नया लुक दिया है।
ब्रिज नगर बस्ती से मास्टर योगराज शर्मा बताते हैं कि घर का कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं जा रहा है। ऐसा करने से ही कोरोना को हराया जा सकता है। पुंछी में कविताएं लिख रहे हैं। 1947 में बेघर हुए लोगों पर पुस्तक लिख रहे हैं। कुछ समय कसरत करते हैं। सेहत के लिए फल, हल्दी, तुलसी और दाल चीनी का काढ़ा पी रहे हैं। परिचितों को फोन पर कोरोना से बचाव को लेकर सतर्क रहने को कहते हैं।
जानीपुर से गुरमीत सिंह ने बताया कि वह कारोबारी व्यस्तता के चलते जो काम छूट रहे थे, लॉकडाउन में उन्हें पूरा कर रहे हैं। अब दिनभर की फुर्सत है तो फोटोग्राफी में भी हाथ आजमा रहे हैं।