स्किम्स के एमएस डॉ. फारूक जान ने बताया कि बारामुला के सोपोर की 60 वर्षीय महिला को 13 जुलाई को अस्पताल में भर्ती किया गया था। बुधवार सुबह 4 बजे उसकी मौत हो गई। लडूरा के 85 वर्षीय बुजुर्ग जीएमसी बारामुला से रेफर किया गया था और उसे वेंटिलेटर पर रखा गया था। बुधवार सुबह साढ़े 6 बजे उसने दम तोड़ दिया। एक अन्य 60 वर्षीय मरीज की सुबह 7 बजे मौत हुई जोकि हथलंगू सोपोर का रहने वाला था।
डॉ. फारूक के अनुसार श्रीनगर के एक 52 वर्षीय मरीज को 13 जुलाई को भर्ती किया गया था जिसकी बीती रात 2 बजे मौत हुई। श्रीनगर के इल्लाही बाग के रहने वाले 70 वर्षीय बुजुर्ग को 5 जुलाई को भर्ती किया गया था जिसकी रात 12 बजे मौत हुई।
इसके अलावा पुलवामा न्यू कॉलोनी के 77 वर्षीय बुजुर्ग की भी साढ़े 12 बजे मौत हुई। उसे 11 जुलाई को अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इस बीच एक मरीज की जीएमसी अनंतनाग में मौत हुई जिसकी पुष्टि करते हुए एमएस डॉ. मजीद ने बताया कि 65 वर्षीय मरीज को 4 जुलाई को भर्ती किया गया था और रात में उसकी मौत हो गई। जिला जम्मू में पॉजिटिव मामलों में 15 ट्रैवलर आए हैं।
डॉक्टर एसोसिएशन कश्मीर (डाक) के प्रधान डॉ. निसार उल हसन का कहना है कि सरकार की ओर से जारी किए जा रहे मौतों के आंकड़ों से कहीं अधिक मौतें हो रही हैं। कश्मीर के विभिन्न अस्पतालों में कई दर्जन मरीज गंभीर हालत में हैं और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। कोरोना संक्रमण का प्रसार बढ़ने से मौतों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है।