कोरोना संक्रमण के संकट के बीच राहत भरी खबर है। बुधवार की बात करें तो जम्मू-कश्मीर में 161 नए पॉजिटिव मामले सामने आए लेकिन इसके साथ 165 संक्रमित कोरोना को मात देकर स्वस्थ हो गए। इनमें जम्मू संभाग से 27 और कश्मीर संभाग से 138 मरीज शामिल हैं। इस बीच कश्मीर संभाग में पिछले चौबीस घंटे में कोरोना संक्रमित तीन और लोगों की मौत हो गई है। प्रदेश में अब तक कोरोना से 52 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से 46 कश्मीर संभाग और छह जम्मू संभाग से हैं।
प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी दर तेजी से सुधार देखा जा रहा है। मंगलवार को जहां रिकॉर्ड 182 मरीज ठीक हुए थे, वहीं सोमवार को 108 मरीज स्वस्थ हुए थे। पिछले छह दिन में कुल 623 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। इनमें जम्मू संभाग से 108 और कश्मीर संभाग के 515 मरीज शामिल हैं। कुल रिकवरी दर के आधार पर देखा जाए तो जम्मू संभाग में अब तक 268 और कश्मीर संभाग में 1403 पॉजिटिव मरीज अलग-अलग अस्पतालों से अपने घर जा चुके हैं।
उधर, बुधवार को आए नए पॉजिटिव मामलों में शोपियां 37, कुलगाम 28, उधमपुर 19, कुपवाड़ा 18, पुंछ 12, श्रीनगर 10, बारामुला से 8, अनंतनाग 7, सांबा 6, जम्मू और बांदीपोरा से 4-4, कठुआ, रामबन और बडगाम 2-2, डोडा और पुलवामा से 1-1 केस है। जम्मू के चार मामलों में तीन यात्री और एक पॉजिटिव के संपर्क में आया व्यक्ति है।