कश्मीर में कोरोना के प्रकोप के बीच एहतियात के तौर पर गांदरबल के जिला अस्पताल में फ्लू क्लीनिक शुरू हो गया है। डिप्टी कमिश्नर शफ्कत इकबाल ने बताया कि यहां मुफ्त इलाज किया जाएगा। कोरोना संक्रमण से संबंधित लक्षणों वाले मरीजों की यहां जांच हो सकेगी।
वहीं नियंत्रण रेखा से सटे जिला मुख्यालय स्थित राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में भी कोरोना संक्रमण की जांच की सुविधा उपलब्ध हो गई है। इससे यहां के लोगों में खुशी है। इससे पहले जिले में कई माह से कोरोना वायरस मरीजों के जांच के लिए कोई व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां से लोगों को राजोरी, जम्मू भेजा जा रहा था।
ऐसे में बड़ी संख्या में कोरोना वायरस के संदिग्ध लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में जांच की सुविधा होने से राहत मिलेगी। अस्पताल में स्थापित इस जांच लैब में हर दिन करीब 30 लोगों के रक्त की जांच कर उनमें कोरोना संक्रमण है अथवा नहीं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
बता दें कि प्रदेश में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 16 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। सभी मामले कश्मीर संभाग के हैं। अब प्रदेश में पॉजिटिव मामलों का आंकड़ा 581 पहुंच गया है। इनमें 381 मामले सक्रिय हैं, जिसमें जम्मू संभाग में 10 और 371 मामले कश्मीर संभाग से हैं।
कश्मीर में बुधवार को 11 और जम्मू संभाग में पांच मरीजों को ठीक होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। जम्मू के सीडी अस्पताल से तीन लोगों को स्वस्थ होने के बाद घर भेजा गया है। उधर, कश्मीर में आए नए पॉजिटिव मामलों में अनंतनाग में नौ, बड़गाम में चार, श्रीनगर, बारामुला और कुलगाम में एक-एक मामला शामिल है। अब तक जम्मू संभाग में एक और कश्मीर संभाग में सात लोगों की कोरोना से मौत हुई है।