कोरोना महामारी से बचाव के लिए दूसरों को लॉकडाउन का पालन करने और सामाजिक दूरी का नियम सिखाने वाले अधिकारी खुद नियमों की धज्जियां उड़ाते दिखे। बुधवार को जम्मू के एक सरकारी गेस्ट हाउस में प्रदेश के कई प्रशासनिक अधिकारी एक डिनर पार्टी का लुत्फ लेते नजर आए। पार्टी में उच्च पदों पर बैठे कई अधिकारी भी शामिल थे। पार्टी का नजारा देखकर ऐसा लग रहा था कि मानो कोई लॉकडाउन या कोरोना महामारी है ही नहीं। पार्टी की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, एक आईएएस कैडर के अधिकारी आज यानी कि 30 अप्रैल को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उनको विदाई देने के लिए अधिकारियों ने बुधवार शाम गांधीनगर स्थित सरकारी गेस्ट हाउस में शानदार पार्टी का आयोजन किया। पार्टी में कई बड़े अधिकारी भी शामिल हुए।
पार्टी में मेहमानों के लिए मांसाहारी और शाकाहारी व्यंजन परोसे गए। पार्टी का लुत्फ उठाते अधिकारियों के बारे में जब मीडिया को जानकारी मिली और तो वह मौके पर पहुंच गए लेकिन उन्हें अंदर प्रवेश नहीं मिल पाया। इस बीच कई अधिकारी वहां से खिसक लिए। इस पार्टी के बारे में पता चलने पर प्रशासन के भी हाथ पांव फूल गए हैं। इस पार्टी को लेकर कोई भी अधिकारी कुछ बोलने को तैयार नहीं था।