जम्मू-कश्मीर में रविवार को 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 367 नए मामले सामने आए। गंभीर बात यह है कि नए मामलों में केवल 32 बाहर से आने वाले यात्री हैं। शेष 335 मामले सामुदायिक संक्रमण से होने की आशंका है। इस बीच रविवार को कश्मीर में दो की मौत हुई। वहीं आज यानी कि सोमवार को श्रीनगर में एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 44 तक पहुंच गया है।
अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 4,087 पहुंच गई हैं। इनमें से 1,216 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं और सक्रिय मामले 2,830 हैं। इस बीच 90 मरीज स्वस्थ भी हुए हैं। सामुदायिक संक्रमण की आशंका के सबसे ज्यादा मामले कश्मीर संभाग से सामने आए हैं।
अनंतनाग, श्रीनगर, कुलगाम, शोपियां, बारामुला, बांदीपोरा, बडगाम, पुलवामा, गांदरबल में स्थानीय लोग ज्यादा प्रभावित हुए हैं। जम्मू जिले में 22 नए मामलों में से 12 यात्रियों के हैं। 10 अन्य मामलों में सात स्वास्थ्य अधिकारियों के हैं।
इनमें दो डॉक्टर जीएमसी, जम्मू की हैं। वहीं एक डॉक्टर बिश्नाह और एक खौड़ में तैनात हैं। दो टेक्नीशियन और एक स्टाफ नर्स भी पॉजिटिव पाई गई है। अन्य तीन मरीजों में एक त्रिकुटा नगर, दूसरा नगरोटा और तीसरा गंग्याल का हैं। ये तीनों पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में रहे हैं।
कोलकाता निवासी 38 साल के व्यक्ति की मौत
श्रीनगर में मरने वाले दो लोगों में कोलकाता का 38 वर्षीय व्यक्ति भी शामिल हैं। उसे ब्रेन हैमरेज के चलते एसएमएचएस में भर्ती करवाया गया था। उसकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।