जम्मू-कश्मीर में नेशनल कांफ्रेंस के पूर्व एमएलसी चुन्नी लाल समेत 14 लोगों की गुरुवार को कोरोना से मौत हो गई। इस बीच जम्मू-पुंछ के सांसद जुगल किशोर शर्मा, उनकी पत्नी, नौकर समेत प्रदेश में 655 नए संक्रमित मामले सामने आए। इसमें जम्मू संभाग से 158 और कश्मीर से 497 मामले हैं। कुल 35135 संक्रमितों में से 7743 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में कोरोना से अब तक 671 लोगों ने दम तोड़ दिया है। मरने वालों में जम्मू संभाग से तीन व अन्य कश्मीर के हैं।
नेशनल कांफ्रेंस एमएलसी चुन्नी लाल (87) को 24 अगस्त को कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। वह कई अन्य बीमारियां भी थीं जिसके कारण उनकी हालत बिगड़ती चली गई। गुरुवार को उन्होंने जीएमसी कठुआ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नए संक्रमित लोगों में जम्मू का एक डॉक्टर भी शामिल है।
सांबा में आज से एक सितंबर तक लॉकडाउन
सांबा जिले में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने पर प्रशासन ने जिले में 28 अगस्त से एक सितंबर तक पूर्ण लॉकडाउन के आदेश जारी किए हैं। आवश्यक सामग्री की दुकानें सीमित अवधि के लिए खुलेंगी। उपायुक्त रोहित खजुरिया की ओर से जारी आदेश के अनुसार, लॉकडाउन के दौरान दवा की दुकानें, क्लीनिक, होम्योपैथिक दवा की दुकानें, लैब सुबह नौ बजे से शाम आठ बजे तक खुली रहेंगी।
वहीं किराना, दूध, बेकरी, फल-सब्जी आदि की दुकानें सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक ही खुलेगी। पेस्टीसाइड, राशन, कृषि संबंधी दुकानें, रसोई गैस, केरोसिन तेल, पशु आहार की दुकानें सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक खुलेंगी। सिडको में कारखानों में काम करने वालों व सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को इसमें छूट रहेगी। अधिकारी समय-समय पर स्थिति का आकलन करेंगे। लॉकडाउन का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।