कश्मीर में किसी चीज की कमी न हो, इसके लिए प्रशासन और भारतीय वायुसेना साथ मिलकर कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहे हैं। इस बीच शनिवार को श्रीनगर के टेक्निकल एयरपोर्ट पर भारतीय वायुसेना का एक विमान आवश्यक वस्तुओं और दवाइयों को लेकर पहुंचा।
इस संबंध में श्रीनगर के जिला उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने कहा कि वायुसेना के विमान में आवश्यक वस्तुओं और दवाइयों के साथ-साथ कोविड टेस्टिंग मैटीरियल और संबंधित दवाइयां पहुंची हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा पीपीई सूट, मास्क और अन्य जरूरत की चीजें भी पहुंची हैं।
इससे पहले भी दो बार दवाइयों और अन्य ज़रूरत की चीजें लेकर वायुसेना के विमान श्रीनगर पहुंचे हैं। इसके अलावा तीन बार केवल श्रीनगर म्युनिसिपल कारपोरेशन (एसएमसी) द्वारा दी गई डिमांड वाले सामान से भरा विमान श्रीनगर लैंड किया है। इसके लिए एसएमसी के मेयर जुनैद अजीम मट्टू ने भारतीय वायुसेना का धन्यवाद किया है।
एसएमसी मेयर के अनुसार श्रीनगर में कई जगहों पर दुकानदार सोशल डिस्टेंसिंग और अन्य नियम का पालन नहीं कर रहे हैं, जिसे ध्यान में रखते हुए उन्होंने अपनी टीमों को निर्देश दिए हैं कि उल्लंघन करने वाली दुकान को तीन महीने के लिए सील किया जाए।
इतना ही नहीं उन्होंने जरूरत की चीजें और राशन बांटने के दौरान फोटोग्राफी प्रतिबंधित की है। उनके अनुसार कई एनजीओ उनके साथ मिलकर काम कर रहे हैं और कई बार सोशल मीडिया पर वितरण प्रक्रिया के फोटो शेयर किए जाते हैं। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। इसलिए सभी सरकारी और गैर सरकारी संगठन ऐसा नहीं करेंगे। अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।