कोरोना वायरस (Corona virus) से जूझ रहे चीन के वुहान इलाके से बुधवार को जम्मू-कश्मीर में 13 विद्यार्थी लौट आए। इनमें कश्मीर संभाग के छह जिलों से 10 और जम्मू जिले के तीन विद्यार्थी शामिल हैं।
सभी को एयरपोर्ट से एंबुलेंस में विशेष प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ की निगरानी में उनके घर पहुंचाया गया है। सभी को उनके घरों पर ही 14 दिन एकांत में रखा जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य निदेशालय की रैपिड रिस्पांस की सर्विलांस टीमें दिन में दो बार उनके स्वास्थ्य की निगरानी करेंगी।
दिल्ली एयरपोर्ट से बुधवार को जम्मू के तीन विद्यार्थी जम्मू एयरपोर्ट और 10 विद्यार्थी श्रीनगर एयरपोर्ट लाए गए। इसमें अनंतनाग, पुलवामा, बडगाम और बारामुला का एक-एक और कुपवाड़ा और श्रीनगर की तीन-तीन विद्यार्थी शामिल हैं।
कश्मीर के सात जिलों से कुल 30 छात्रों के लौटने की सूचना है, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से लाया जा रहा है। कोरोना वायरस को लेकर इन सभी की रिपोर्ट निगेटिव हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर अभी सभी को दूसरों से अलग रखा जाएगा।