सुंदरबनी। आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश ने कोरोना वायरस को रोकने के लिए लगाया गया लॉकडाउन सफल बना दिया। शुक्रवार सुबह शुरू हुई बारिश ने किसी को भी घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। लॉकडाउन के कारण नगर में दुकानें तकरीबन बंद ही रहीं। सुबह कुछ किराने तथा सब्जी वाले दुकानदारों ने कुछ समय के लिए दुकानें खोलीं, लेकिन जैसे-जैसे बारिश तेज होती गई दुकानें बंद होती गईं। क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश से एक बार फिर से सर्दी में बढ़ोतरी हो गई है। क्षेत्र में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होने पर लोगों ने गर्म कपड़ों को पहनना छोड़ दिया था, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर से क्षेत्र में बारिश ने लोगों को गर्म कपडे़ पहनने पर मजबूर कर दिया। बारिश के साथ ही बुजुर्गों तथा छोटे बच्चों के लिए परेशानियां और भी बढ़ सकती हैं।
लॉकडाउन के कारण सब्जियों तथा फलों के दाम बढे़
सुंदरबनी। लॉकडाडन के कारण कुछ दुकानदार मौके का लाभ उठाते हुए सब्जियां तथा फल मंहगे दामों पर बेच रहे हैं, जिससे परेशान लोगों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि सब्जियों की दुकानों पर रेट लिस्टें लगाई जाएं ताकि दुकानदार अपनी मर्जी से मुंहमांगे दाम न मांगे। इस संबंध में सुंदरबनी नगर के कुछ निवासियों सुरेश कुमार, कौशल कुमार, पवन कुमार, राज कुमार, नरेश कुमार आदि का कहना है कि लॉकडाउन के कारण सब्जियों तथा फलों के दामों में बढ़ोतरी हो गई है, जिससे आम लोगों को सब्जियां तथा फल खरीदने में परेशानियां हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से गुहार लगाई कि सुंदरबनी नगर में फलों तथा सब्जियों के दाम निर्धारित कर लोगों को हो रही परेशानियों से निजात दिलाई जाए। संवाद