सांबा। जिले में कोरोना संक्रमित की दिन प्रतिदिन संख्या बढ़ने से जिला प्रशासन में भी चिंता बननी शुरू हो गई है। क्योंकि अब जो मामले आ रहे हैं वह बिना यात्रा इतिहास के हैं। ऐसे में करोना वायरस के कम्यूनिटी में फैलने की आशंका बनी हुई है।
सांबा कस्बे की मंडी गढ़ के एक बैंक कर्मचारी, सेल्स टैक्स कार्यालय के एक कर्मचारी, विजयपुर के एक्सीडेंटल अस्पताल की एक नर्स के कोरोना पॉजिटिव आने से विजयपुर के एक्सीडेंटल अस्पताल को शुक्रवार तक सील कर दिया गया है। अस्पताल को सैनिटाइज किया गया है। सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों के सैंपल लिए गए हैं। अस्पताल के इंचार्ज डॉ. क्यून के अनुसार स्टाफ नर्स के कोरोना पॉजिटिव आने से उसे जम्मू के कोविड अस्पताल भेज दिया गया। वहीं कस्बा की मंडी गढ़ का एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव आया है। जो विजयपुर में एक निजी बैंक के काम कर रहा है। बैंक को भी सील कर दिया गया है। जिला मुख्यालय नंदनी में सेल्स टैक्स कार्यालय के एक कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव आने से कार्यालय को सील किया गया है। उधर सांबा की गढ़ मंडी को सैनिटाइज किया जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से बाडी ब्राह्मणा तहसील व सांबा तहसील को पूर्ण लॉकडाउन किया गया है।
-----
उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा
सांबा। जिले में कोविड-19 के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए, जिला मजिस्ट्रेट रोहित खजूरिया ने वीवार से 26 जुलाई तक तहसील सांबा और बाडी ब्राह्मणा में पूर्ण लॉकडाउन का आदेश जारी किया है। डीसी के अनुसार कि लॉकडाउन की स्थितियों में छूट के बाद कुछ दिनों में देखा गया है कि तहसील सांबा और बाडी ब्राह्मण में कोविड-19 पॉजिटिव केस दिन-प्रतिदिन बढ़ते जा रहे हैं। धारा -19 के तहत प्रदत्त शक्तियों के तहत कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के 34, और सीआर की धारा 144 के तहत। पीसी 1973, दोनों तहसीलों में एक पूर्ण लॉकडाउन लगाया गया है। जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार आवश्यक सेवाएं क्लीनिक, केमिस्ट शॉप, होम्योपैथी दुकानें, आयुर्वेदिक दुकानें, परीक्षण प्रयोगशाला, सुबह 9 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेंगी और किराना, दूध, बेकरी, फल और सब्जी की दुकानें सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक खुले रहेंगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। संवाद
------------
बेवजह घूमने वालों के खिलाफ की जाए कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
विजयपुर। उपायुक्त रोहित खजूरिया ने बाड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर, सांबा तहसील में लॉकडाउन घोषित कर दिया है। उपायुक्त के इस फैसले का लोगों ने स्वागत किया है क्योंकि वे इसकी मांग भी कर रहे थे। कुछ लोग लॉकडाउन का पालन नहीं कर रहे जिस कारण कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ सकती है। क्योंकि कुछ लोग बिना काम के भी गाड़ियां, मोटरसाइकिल, पैदल घूम रहे हैं। क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उपायुक्त और एसएसपी शक्ति पाठक से मांग की है कि अपनी टीम को निर्देश दें कि जो लोग लॉकडाउन का उल्लंघन करते हैं। उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। क्योंकि इन सिरफिरे लोगों पर कार्रवाई न होने के कारण बेखौफ होकर घूम रहे हैं। जो लोग इस बीमारी के प्रति जागरूक हैं वह परेशान हो गए हैं। क्योंकि अभी भी कुछ लोगों में कोरोना महामारी के प्रति जागरूकता न होने के कारण बिना काम के ही बाजारों में घूम रहे हैं। सुबह शाम खेल मैदान में खेल रहे हैं, कोई रोक-टोक नहीं है। जो बाजारों में पुलिस तैनात है उनमें से कुछ जवान इनको रोकना उचित नहीं समझते हैं। इस कारण सरेआम लॉकडाउन के दौरान भी घूम रहे। इन सब परेशानियों को देखते हुए गणमान्य लोगों ने उपायुक्त और एसएसपी से मांग की है कि इन कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए ताकि कोरोना महामारी पर जीत पाई जा सके।
------------
परगवाल प्रशासन ने दिखाई सख्ती, बिना मास्क के घूमने वालों के काटे चालान
परगवाल। कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए परगवाल प्रशासन ने भी क्षेत्र को कोरोना मुक्त ऱखने के लिए कमर कस ली है। इसी कड़ी में बुधवार को तहसीलदार परगवाल इम्तियाज अहमद के नेतृत्व में बनी टीम ने परगवाल के मुख्य बाजार और मुहल्लों का दौरा कर बिना मास्क घूम रहे लोगों के चालान काटे। लोगों को कोरोना महामारी से बचने के तौर तरीकों से अवगत कराया। इस मौके पर नायब तहसीलदार देवराज और नायब तहसीलदार सुषमा भी उनके साथ मौजूद रहीं। करीब पांच हजार रुपये के चालान काटे गए। इस दौरान तहसीलदार ने लोगों को खासकर बच्चों और बुजुर्गों को हिदायतें दीं। उन्होंने लोगों को हाथ साबुन से धोने, मास्क पहनने और सामाजिक दूरी का पालन करने के लिए भी कहा। संवाद
-----------
कोरोना संक्रमित मामलों के बढ़ने से लोग भी चिंतित
सांबा। कस्बे की गढ़ मंडी में कोरोना पॉजिटिव आने से जिला प्रशासन के साथ आम लोग भी चिंतित हैं। बताया गया है कि इनका कोई यात्रा इतिहास भी नहीं है। गढ़ मंडी का व्यक्ति अपने आसपास की मंडियों में भी युवकों के साथ मेल मिलाप में रहता है। ऐसे में कोरोना वायरस संक्रमण कम्यूनिटी में फैलने की आशंका के चलते लोग भी चिंतित हो गए हैं। प्रशासन को भी उनके संपर्क में आने वालों की जानकारी जुटाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नंदनी में सरकारी कार्यालय के कर्मचारी के संक्रमित होने से जिला मुख्यालय में भी भय है। उक्त कर्मचारी किस-किस कार्यालय में गया, किस-किस से मिला, शिनाख्त करना सिर दर्द बना है। कुल मिलाकर कस्बे में संक्रमण के अधिक फैलने की आशंका जताई जा रही है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी मंडियों में पहुंच कर संक्रमित के संपर्क में आने वालों की शिनाख्त कर रहे हैं। संवाद
---------------
इमरजेंसी हास्पिटल दो दिन के लिए बंद
विजयपुर। कोरोना मरीज पॉजिटिव आने से विजयपुर में दहशत है। एक स्टाफ नर्स और दूसरा बैंक कर्मचारी दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। सरकारी एक्सीडेंटल हॉस्पिटल विजयपुर में स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव आने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आनन-फानन में स्टाफ नर्स को जम्मू रेफर कर दिया गया। वहीं तैनात स्टाफ की भी सैंपलिंग ली गई। विजयपुर इमरजेंसी हॉस्पिटल के इंचार्ज डॉक्टर क्युन ने बताया कि स्टाफ नर्स कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसको जम्मू भेज दिया गया है। जो विजयपुर स्टाफ है उसकी सैंपिलिंग की जा रही है। दो दिन के लिए हॉस्पिटल को बंद कर दिया गया है। क्योंकि कोरोना महामारी के कारण इस समय जनता काफी परेशान है। उसको देखते हुए तत्काल ऐसी कार्रवाई करनी पड़ी। गौरतलब है कि कुछ दिन में विजयपुर में कोरोना मरीज की संख्या बढ़ गई है। जैसे वार्ड नंबर-10, नंबर-3 गुड़ा सलाथिया आदि में इस समय तारबंदी की र्गई है। संवाद