रियासी। नगर के वार्ड सात निवासी एक 42 वर्षीय महिला बुधवार को कोरोना पॉजिटिव पाई गई, जिसके बाद उसे कोविड केयर सेंटर भेज दिया गया।
सनद रहे कि गत सप्ताह वार्ड सात निवासी एक परिवार के तीन सदस्य संक्रमित मिले थे, जो कश्मीर से लौटे थे। उनका टेस्ट वहीं हुआ था, लेकिन वह रिपोर्ट आने से पहले ही रियासी लौट आए थे। मंगलवार को उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद प्रशासन ने उन्हें जिला अस्पताल स्थित कोविड केयर सेंटर में स्थानांतरित कर दिया था।
इसके अलावा उनके आसपास रहने वाले लोगों और रिश्तेदारों को क्वारंटीन किया था। कश्मीर से लौटने पर उनके संपर्क में रही महिला रिश्तेदार को एसटीसी तलवाड़ा में क्वारंटीन किया गया था और वार्ड सात के सभी मार्गों को सील कर दिया गया था। बुधवार को महिला के पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। अन्य लोगों की रिपोर्ट का इंतजार है। गौरतलब रहे कि वार्ड सात की तारबंदी के बाद भी लोगों का बाहर निकलना जारी है।