जम्मू। जम्मू में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए प्रोटोकॉल जारी किया गया है। मंडलायुक्त डॉ. राघव लंगर ने प्रोटोकॉल जारी करते हुए यह अगले आदेश तक जारी रहेगा।
मंडलायुक्त की ओर से जारी आदेश के अनुसार सभी कोरोना मरीज चेस्ट रोग अस्पताल में रिपोर्ट करेंगे। स्वास्थ्य सेवा निदेशालय का एक नोडल अफसर तथा चेस्ट अस्पताल के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट मरीजों की गंभीरता को देखते हुए उनके इलाज का प्रबंध करेंगे। जीएमसी जम्मू कैटेगरी-1 तथा चेस्ट अस्पताल, एमसीएच गांधीनगर व ओल्ड ब्लॉक गांधीनगर हॉस्पिटल कैटगरी-2 के रूप में रेफरल अस्पताल होंगे। आदेश में कहा गया है कि आसपास के अस्पतालों से रेफर गायनी विभाग से जुड़ी मरीजों को ओल्ड ब्लॉक गांधीनगर, एमजीएस से गायनी के रेफर मरीज एमसीएच गांधीनगर, डायलसिस वाले कोरोना मरीज एचडीयू वार्ड जीएमसीएच, 18 साल तक के बच्चे एमसीएच गांधीनगर, आसपास के संस्थानों से ऑपरेशन योग्य कोरोना मरीज ओल्ड ब्लॉक गांधीनगर, जीएमसी व एसोसिएटेड अस्पताल में भर्ती ऑपरेशन योग्य कोरोना मरीज एमसीएच गांधीनगर में भेजे जाएंगे।
सीडी अस्पताल, एमसीएच गांधीनगर, ओल्ड ब्लॉक गांधीनगर, राजीव गांधी अस्पताल गंग्याल, उप जिला अस्पताल कोट भलवाल व बिश्नाह को प्राथमिकता के आधार पर क्रियाशील किया जाएगा। गैर कोरोना मरीजों के लिए सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, एसएमजीएस अस्पताल, सरकारी अस्पताल सरवाल, उप जिला अस्पताल कोट भलवाल, आरएसपुरा व अखनूर होगा। मंडलायुक्त ने आदेश में कहा है कि यह प्रोटोकॉल डीसी, प्राचार्य जीएमसी तथा स्वास्थ्य निदेशक से विस्तृत विचार विमर्श के बाद तैयार किया गया है।
-------
लॉकडाउन तोड़ने पर 35 गिरफ्तार, 30 दुकानें सील
जम्मू। लॉकडाउन प्रोटोकॉल का पालन न करने पर जम्मू पुलिस ने 36 प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही 35 लोगों को गिरफ्तार किया। 30 दुकानों को सील किया गया। पुलिस ने बताया कि गंग्याल थाने में छह, जानीपुर, गांधीनगर व सतवारी में पांच-पांच, छन्नी हिम्मत में चार, पक्का डंगा में तीन, नगरोटा व बाग-ए बाहु में दो-दो तथा अखनूर में एक मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कोरोना चेन तोड़ने के लिए सभी को प्रोटोकॉल तथा लॉकडाउन का सख्ती से पालन करना चाहिए।