जिला उपायुक्त अशोक कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण का खतरा अभी टला नहीं है। लिहाजा सभी को सतर्क रहते हुए एहतियात बरतने होंगे। उन्होंने कहा कि लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष मामले तो कम हैं, लेकिन 21 लोगों का दम तोड़ना, चिंता की बात है।
उन्होंने कहा कि मार्च से अभी तक 1752 मामले आए हैं। इनमें 1583 लोग ठीक हुए हैं। वर्तमान में 157 लोग संक्रमित हैं। इनमें से कुछ जिला अस्पताल में और कुछ आइसोलेशन में उपचाराधीन हैं। जिला अस्पताल में पांच लोग भर्ती हैं। पॉजिटिविटी रेट 1.19 प्रतिशत रह गया है।
अभी तक 45 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 95.19 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण हो चुका है। उन्होंने यह भी कहा कि शहर में लगातार दिशा निर्देशों का उल्लंघन किया जा रहा है। नियम तोड़ने वालों से 60 से 70 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया जा रहा है।
जिला उपायुक्त ने यह भी कहा कि जैसा कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कहा है कि जल्द ही गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण शुरू होगा। उन्होंने बताया कि अभी तक लगभग 1097 संक्रमितों को कोविड किट वितरित की गई हैं। उन्होंने जनता से दिशा निर्देशों के पालन की अपील की है।