आरएस पुरा मं तहसील परिसर में शारीरिक दूरी के बिना बैठे हुए लोग
आरएस पुरा। आरएस पुरा तहसील परिसर में इन दिनों डोमिसाइल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए पहुंचने वाले लोग सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। तहसील परिसर के ठीक सामने एसडीएम का कार्यालय भी है। इसके बावजूद भी प्रशासन की ओर से ऐसे लोगों की अनदेखी की जा रही है जो इस समय कोरोना जैसी महामारी के चलते न तो मास्क का प्रयोग कर रहे हैं और न ही दूरी बना रहे हैं।
ऐसे में कोई व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया तो फिर क्या होगा। अगर एसडीएम कार्यालय के ठीक सामने इस तरह के हालात बने हुए हैं तो कस्बे के बाजार में क्या चल रहा होगा। बताया जा रहा है कि कस्बे के बाजार में कई स्थानों पर जिम खुले होने पर युवा सुबह व शाम पहुंच रहे हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक जिम नहीं खोलने का निर्देश जारी किया गया है। इस सबके बावजूद भी कस्बे के बाजार में भी लोग बिना मास्क के देखे जा सकते हैं। इस ओर प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। दिन प्रति दिन कोरोना में बढ़ोतरी होने पर अभी भी इस पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। अगर प्रशासन की नाक के नीचे ही इस तरह के हालत होंगे तो आने वाले दिनों में क्या होगा।