राजोरी। कोटरंका सब डिवीजन की दराज बी पंचायत के चार वार्डों को डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट ने रेड जोन घोषित कर दिया है। डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट नजीर शेख के अनुसार 30 जून को उक्त निवासी एक युवक कश्मीर घाटी से छिप कर घर आया था। सैंपलिंग के दौरान उसने अपनी ट्रेवल हिस्ट्री गलत बताई थी। उसके सैंपल लेने के बाद उसे होम क्वारंटाइन किया गया। शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो कड़ी पूछताछ में उसने बताया कि वो कश्मीर घाटी से लौटा है। डीएम ने मामले का संज्ञान लेते हुए दराज बी पंचायत के वार्ड न. 2, 3, 4 और 5 को रेड जोन घोषित कर दिया है।
डीएम के अनुसार उक्त सभी वार्डों में तब तक रेड जोन जारी रहेगा जब तक संदिग्धों के सैंपल लेकर उनकी सैंपल रिपोर्ट नहीं आ जाती और सैनीटाइज नहीं कर लिया जाता। इसके अलावा उक्त रेड जोन क्षेत्रों से 500 मीटर तक पढ़ने वाले सभी इलाकों को बफर जोन करार दिया गया है। डीएम ने रेड जोन क्षेत्रों में किसी प्रकार की भी गतिविधि पर पूरी तरह से रोक लगाते हुए कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति उक्त गांवों से बाहर आते हों या बाहर से गांव में जाते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उक्त क्षेत्रों में पाए जाने वाले सभी प्रकार के सरकारी व निजी कार्यालय भी अगले आदेश तक बंद किए जाने के आदेश दिए गए हैं।