राजोरी। जम्मू-कश्मीर बैंक के कर्मचारी के कोरोना वायरस पॉजिटिव आने से हड़कंप मच गया है। बैंक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए राजोरी की मुख्य और पीडी ब्रांच को सील कर दिया है। एडीसी ठाकुर शेर सिंह ने बताया कि दरहाल तहसील के चंबी त्राड गांव निवासी एक कर्मी कोटरंका सब डिवीजन के पीडी गांव स्थित जम्मू-कश्मीर बैंक ब्रांच में तैनात था। उक्त कर्मचारी किसी पॉजिटिव परिजन के संपर्क में था। इसके बावजूद बैंक में ड्यूटी पर आता रहा।
एडीसी के अनुसार उक्त कर्मचारी से कई बार पूछताछ की गई, लेकिन वह झूठ बोलता रहा और इस बात से इनकार किया कि वह किसी कोरोना पॉजिटिव परिजन के संपर्क में था। उपायुक्त के आदेश के बाद उसे पकड़कर टेस्ट कराया, तो वह पॉजिटिव पाया गया। वहीं बैंक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीडी ब्रांच और राजोरी मुख्य ब्रांच सील कर दी है। जम्मू-कश्मीर बैंक के एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य ब्रांच के दो कर्मचारी दो बार ड्यूटी देने पीडी ब्रांच में गए थे और उन्होंने उस पॉजिटिव बैंक कर्मचारी के साथ काम किया और वहां से आने के बाद राजोरी की मेन ब्रांच में भी काम किया था। इसी कारण मेन ब्रांच को भी सील करना पड़ा है। बैंक अधिकारी के अनुसार राजोरी मेन ब्रांच और पीडी ब्रांच में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को होम क्वारंटीन करने के बाद उनकी सैंपल लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
उधर जिला प्रशासन ने बैंक कर्मचारी के संपर्क में आए अन्य लोगों के परिजनों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। एडीसी ने बताया कि कार्रवाई करते हुए बैंक कर्मचारी के परिवार के 6 सदस्यों को आइसोलेशन सेंटर में भेज कर उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। एडीसी के अनुसार चंबी तराड़ गांव को सील करके बैंक कर्मचारी के एक अन्य संपर्कों के बारे में पता लगाया जा रहा है वह उस गांव में आने जाने की किसी को भी अनुमति नहीं है।