जम्मू। जम्मू-कश्मीर में कोविड के संक्रमित मामलों में भले ही गिरावट आई है। लेकिन कोविड की तीसरी एहतियाती (बूस्टर) टीके की खुराक को लेकर लोग बेपरवाह हो रहे हैं। प्रदेश के लगभग सभी बीस जिलों में एहतियाती खुराक को लेकर लोगों ने कम रुझान दिखाया है। कोविड विशेषज्ञों के अनुसार वर्तमान में कोविड का वेरिएंट खतरनाक नहीं है, लेकिन अगर भविष्य में इसने घातक रूप लिया तो एहतियाती खुराक नहीं लेने वाले अधिक पकड़ में आएंगे। जम्मू कश्मीर में 18 से अधिक आयु वर्ग में अनुमानित 9303842 आबादी में अभी तक करीब 12 प्रतिशत से 1044086 लोगों ने ही एहतियाती खुराक ली है, यानी 88 प्रतिशत लोगों का खुराक लेना बाकी है। इसमें भी कई जिले काफी पीछे चल रहे हैं। यह आयु वर्ग प्रदेश की कुल आबादी में 66 प्रतिशत है।
प्रदेश में अब तक 18-59 आयु वर्ग में 459395, 60 से अधिक आयु वर्ग में 308346, 53987 हेल्थ केयर वर्कर और 222358 फ्रंट लाइन वर्करों को एहतियाती खुराक ली है। राजधानी श्रीनगर की बात करें तो यहां 18 से 59 आयु वर्ग की अनुमानित आबादी 938065 पर 37391 ने ही एहतियाती खुराक ली है। इसी कुलगाम में अनुमानित आबादी 398001 पर 23307, शोपियां में 201909 पर 12052, बांदीपोरा में 297486 पर 13960, अनंतनाग में 742073 पर 24104, बारामुला में 764541 पर 20844, कुपवाड़ा में 660115 पर 18441, पुलवामा में 425062 पर 12366, गांदरबलमें 225596 पर 7147,बड़गाम में 571673 पर 14437 लोगों ने एहतियाती खुराक ली है। जम्मू संभाग में जम्मू जिला में 1160387 पर 101026, किश्तवाड़ में 174970 पर 8917, डोडा में 310913 पर 16117, उधमपुर में 420925 पर 21389, कठुआ में 467531 पर 24982, रामबन में 215180 पर 17030, सांबा में 241866 पर 21734, राजोरी में 487236 पर 16594, पुंछ में 361653 पर 18665 और रियासी में 238657 पर 28892 लोगों ने एहतियाती खुराक ली है। प्रदेश में अब तक विभिन्न आयु वर्ग में 24107155 लोगों को कोविड टीके की खुराक दी गई है। जीएमसी के माइक्रोबायोलॉजी विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संदीप डोगरा का कहना है कि एहतियाती खुराक से कोविड वायरस से बचाव को और सुरक्षा कवच मिलेगा। सभी लोगों को दो खुराक के बाद एहतियाती खुराक लेना आवश्यक है। इससे वे खुद के साथ दूसरों को संक्रमित होने से बचा सकते हैं। कोविड खुराक का असर एक निर्धारित समय तक रहता है, ऐसे में एहतियाती खुराक ही हमारी सुरक्षा को बढ़ाती है।
------
लोगों को जागरूक किया जा रहा-निदेशक
राज्य टीकाकरण निदेशक डॉ. सलीम उर रहमान का दावा है कि कोविड टीकाकरण में जम्मू कश्मीर का देश में बेहतर प्रदर्शन रहा है। एहतियाती टीके की खुराक को लेकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जगह जगह शिविर लगाकर लोगों को एहतियाती खुराक दी जा रही है। लोगों को खुद भी चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचकर एहतियाती खुराक लेनी चाहिए।