रियासी। प्रशासन के दिशा निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बुधवार को जिला मुख्यालय से ग्रामोड़ गीतानगर जाने वाले मार्ग के तरेंथा क्षेत्र में नाका लगाकर लोगों के रैपिड टेस्ट किए। नाके के दौरान यात्री वाहनों को रोका गया और वाहन में बिना मास्क के बैठे लोगों को उतार कर उनका टेस्ट किया गया। इस दौरान प्राइवेट वाहनों तथा दोपहिया वाहनों को भी रोका गया।
सुबह से लेकर दोपहर तक नाके के दौरान कुल सौ लोगों के टेस्ट किए गए। बाद में सभी की रिपोर्ट नेगेटिव पाई गई। प्रशासन कोविड को लेकर कहीं पर भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। सभी को एसओपी में जारी निर्देशों का पालन करने को कहा जा रहा है। प्रशासन की सख्ती के चलते ही जिला में संक्रमण के मामले काफी कम हैं। मौजूदा समय में कुल चार मामले संक्रमण के हैं।