बाड़ी ब्राह्मणा। बाड़ी ब्राह्मणा में स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बुधवार को वैक्सीनेशन के तीन शिविरों की शुरुआत की जाएगी। यह शिविर बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन क्लब, बीडीओ कार्यालय, और प्राइमरी हेल्थ सेंटर बॉडी खंड में स्थापित किए जाएंगे। हर सेंटर में 100 लोगों का रोज टीकाकरण किया जाएगा।
बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन क्लब में फैक्ट्रियों के कर्मचारी और श्रमिकों को तरजीह दी जाएगी। उसके अलावा बीडीओ दफ्तर में व्यापार और कारोबार से जुड़े लोगों का टीकाकरण किया जाएगा। प्राइमरी हेल्थ सेंटर बाड़ी खंड में आम लोगों के लिए टीकाकरण किया जाएगा। इन सभी सेंटरों में सलाट के तहत ही टीकाकरण की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। व्यापार और कारोबार से जुड़े लोगों का सलाट बुक कराने के लिए अलग-अलग विभागों को इसकी जिम्मेदारी दी गई है। जैसे ही एक दिन में 100 का स्लॉट पूरा हो जाएगा तो वैक्सीनेशन रोक दिया जाएगा। फिर अगले दिन नए सिरे से वैक्सीनेशन शुरू की जाएगी।
बीएमओ शमीम अहमद चौधरी ने बताया कि वैक्सीनेशन को लेकर बाड़ी ब्राह्मणा को तीन अलग-अलग हिस्सों में बांट दिया गया है। हर क्षेत्र में एक वैक्सीनेशन सेंटर खोल दिया गया है जिसमें रोज के 100 लोगों का टीकाकरण होगा। वैक्सीनेशन सेंटर के लिए बाड़ी ब्राह्मणा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन की तरफ से भी कहा गया था कि फैक्ट्रियों के अंदर ही शिविर लगाया जाए। बाकी 2 सेंटर में भी वैक्सीनेशन कैटेगरी वाइज की जाएगी।