सांबा। जिले में कोरोना बेलगाम होता जा रहा है। कस्बों से अब गांवों की ओर बढ़ रहा है। मंगलवार को जिले में 98 मामले सामने आए हैं। जिन में 7 लोगों का ही यात्रा इतिहास है। बढ़ रहे मामलों से आम लोग भी चिंतित हैं। उधर जिला प्रशासन की ओर से जिला अस्पताल में बनाए गए कोविड-19 कंट्रोल रूम को जिला मुख्यालय ले जाया गया है। जहां चौबीस घंटे कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला कोविड कंट्रोल रूम के न. 01923246915, 01923241004 हैं। कोरोना के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग के काम आने वाले उपकरण भी मंहगे होते जा रहे हैं। जो ऑक्सीमीटर पहले होलसेल दाम में 800 रुपये का था, अब 1200 रुपये कर दिया है। मास्क भी ढाई रुपये मंहगा कर दिया है। सैनिटाईजर जो पहले 20 रुपये का था अब 32 रुपये होलसेल दाम पर मिल रहा है। रिटेल वालों के दाम इनसे भी अधिक हो रहे हैं।