सांबा। कोरोना वायरस की दूसरी लहर तेजी से फैल रही है। इसी के चलते जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 33 मामले सामने आए हैं। इनमें पांच लोगों का यात्रा इतिहास है। एक महिला की कोविड-19 से मौत होने का समाचार है।
जानकारी के अनुसार जिले के रख अंबा टाली क्षेत्र की एक महिला को खांसी बुखार की शिकयत होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जीएमसी भेज दिया। वहां सैंपल लेने बाद वह कोरोना संक्रमित पाई गई। उसकी रविवार शाम मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिला के संपर्क में आने वालों की शिनाख्त की जा रही है। वहीं कस्बे के आराजी मोहल्ले से एक कोरोना संक्रमित को इंडोर स्टेडियम में बनाए केयर केंद्र में भेजा गया है।
---------------
सांबा 30 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए
डीसी ने कोविड नियंत्रण उपायों, टीकाकरण ड्राइव और सरकारी योजनाओं की उपलब्धियों पर चर्चा की
सांबा। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने सोमवार को कोविड नियंत्रण उपायों, टीकाकरण अभियान, जल शक्ति अभय और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए बैठक की। इसमें नौ ब्लॉक के 101 पंचायत के सरपंच उपस्थित हुए। बैठक में बताया गया कि जिले में कोविड के खिलाफ सुरक्षा में तेजी लाने के लिए 30 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की योजनाओं को बनाए रखने और प्रभावी कार्यान्वयन में सभी पीआरआई सदस्यों के सहयोग और भागीदारी चाहता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने दूसरी कोविड -19 महामारी की लहर के मद्देनजर मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) की सूची जारी की है। इसमें सभाओं पर प्रतिबंध, स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को बंद करना, बाजार संघों को निर्देश देना शामिल है। इसके अलावा मानकों की अवहेलना पर दंड का प्रावधान है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार कोविड टीकाकरण ड्राइव को तेज कर रही है। जिले में कोविड के खिलाफ सुरक्षा में तेजी लाने के लिए 30 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे कोविड के उचित व्यवहार के पालन को बढ़ावा देने के साथ-साथ कोविड टीकाकरण के लिए खुद को पंजीकृत करने के लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त ने एसीडी को कोविड नियंत्रण उपायों को दोगुना करने के लिए सभी पंचायतों में जागरूकता शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उसमेें सभी सदस्यों से प्रशासन के उपायों में सक्रिय भाग लेने का आह्वान किया। बैठक में एडीसी टीआर शास्त्री, सहायक आयुक्त विकास सिद्धार्थ धीमान, मुख्य योजना अधिकारी सुखलीन कौर आदि मौजूद रहे।