ज्यौड़ियां। हायर सेकेंडरी स्कूल खौड़ के प्रधानाचार्य सहित स्कूल के किसी भी मुलाजिम को मार्च का वेतन नहीं मिला है। इससे मुलाजिमों को बेहद परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया जाता है कि वेतन न मिलने का कारण तहसीलदार और स्कूल के प्रधानाचार्य के बीच पिछले दिनों किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस कारण वेतन रोक दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार पिछले दिनों तहसीलदार सुदेश कुमार शर्मा ने स्कूल का औचक दौरा किया। इस दौरान प्रधानाचार्य अजय कुमार ड्यूटी से नदारद थे। एसडीएम ने प्रधानाचार्य को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया। वेतन नहीं मिलने का कारण पूछने पर राजकोष अधिकारी पवन ने बताया कि एसडीएम की तरफ से सिर्फ हायर सेकेंडरी स्कूल खौड़ के प्रधानाचार्य अजय कुमार का वेतन बंद कराया गया है। वेतन तो स्कूल के किसी भी मुलाजिम को नहीं मिला। स्कूल की तरफ से वेतन का एक ही बिल बना कर ऑनलाइन भेजा गया है। उसमें प्रिंसिपल का वेतन बंद है। जब एक ही का वेतन बनाकर भेजा गया तो हम अन्य स्टाफ का वेतन कैसे जारी करें।
राजकोष अधिकारी ने बताया कि अन्य स्टाफ का बिल हमें अलग से चाहिए तो हम उनका वेतन जारी कर देंगे। दूसरी तरफ इस विषय में एसडीएम अनिल कुमार ठाकुर ने बताया कि स्कूल का स्टाफ अलग से बिल बना कर भेजे तो वेतन मिल जाएगा।