आरएस पुरा/ मीरां साहिब। उपजिले में शनिवार को सप्ताहांत पाबंदी पर कस्बे के बाजार सुबह व शाम खुले रहे। जबकि दोपहर के समय बंद रहा।
शनिवार सुबह से ही पुलिस की ओर से चौराहों पर नाका लगाकर आवागमन रोका गया। सड़कों पर बेवजह घूमने वालों को चेतावनी देकर बाजारों से घर भेजा गया। दोपहर के समय बाजार बंद रहने पर से सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। शहर की ओर आने वाले रास्तों को भी बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया। जरूरी काम साबित होने पर ही वाहन चालकों को शहर में अंदर आनेजाने दिया गया। पुलिस द्वारा सड़कों पर बेवजह घूम रहे लोगों को चेतावनी देकर घर भेजा गया। चौराहों पर पुलिस ने वाहनों की जांच करने के साथ बिना मास्क के वाहन चला रहे लोगों के चालान भी किए गए। शनिवार को सुबह मीरां साहिब, सिंवल, कुलिल्यां, आरएस पुरा में शराब की दुकानें खुली होने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करते हुए बंद कराया गया। आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर अक्षय कुमार ने बताया कि शराब की दुकानें खोलना या बंद कराना प्रशासन का कार्य है। खुली दुकानों को पुलिस द्वारा बंद कराया गया।
परगवाल में पाबंदी का दिखा असर
परगवाल। कोविड-19 की चेन तोड़ने के लिए प्रशासन द्वारा तीसरी लहर में लगाई गई पाबंदी, सप्ताहांत पाबंदी का असर सीमा क्षेत्र परगवाल के मुख्य बाजार में देखने को मिला। जरूरी सामानों को छोड़कर मुख्य बाजार पूरी तरह बंद रहा। बाजार बंद रहने से चारों तरफ सन्नाटा पसरा रहा। हालांकि सप्ताहांत पाबंदी के चलते गली मोहल्लों की दुकानों से कुछ लोग खरीदारी करते जरूर दिखे। उसके बावजूद पाबंदी का असर पूरी तरह देखने को मिला। सवारियां नहीं मिलने के कारण सड़कों पर दौड़ने वाली गाड़ियां नहीं चलीं, जिससे लोगों को आने जाने में परेशानी उठानी पड़ी। संवाद
प्रशासन के सप्ताहांत पाबंदी का नहीं दिखा असर
सांबा में परेशान रहे ग्राहक व दुकानदार
सांबा। कोरोना के बढ़ रहे मामलों को रोकने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले में सप्ताहांत पाबंदियां लगाने के लिए शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक पूरी तरह से पाबंदी लगाई थी। इसके लिए प्रशासन की ओर से आदेश जारी किया गया था।
शनिवार को सुबह ग्रामीण क्षेत्रों में सभी दुकानें बंद रही। कस्बे के बाजार भी बंद रहे। दस बजे के बाद बाजार खुलना शुरू हो गए। 11 बजे के बाद सभी दुकानें खुल गईं। उधर दुकानदारों का कहना था कि दुकानें तो खुल गईं, लेकिन ग्राहक बाजारों में नहीं पहुंचे। क्योंकि ग्राहकों पहले से ही जानकारी है कि शनिवार व रविवार को बाजार बंद रहेंगे। दिन भर दुकानदार खाली ही बैठे देखे गए। दुकानदारों के अनुसार कि राजनीतिक दलों की रैलियों पर तो पाबंदी नहीं है, जबकि दुकानदारों को ही परेशान किया जा रहा है। दोपहर बाद तक सभी दुकानें खुल गई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकतर दुकानें बंद रही।
अखनूर में रोजमर्रा की तरह खुले रहे बाजार
अखनूर। कस्बे में सप्ताहांत पाबंदी पर बाजार रोजमर्रा की तरह से खुले रहे। यात्री वाहनों की आवाजाही रही। हालांकि बाजारों में लोगों की आवाजाही कम रही।
शनिवार सुबह कुछ दुकानें खुल गईं, जिस पर आहिस्ता-आहिस्ता सभी दुकानें खुलना शुरू हो गईं, जबकि प्रशासन और पुलिस की तरफ से दुकानदारों को दुकानें बंद करने के लिए किसी प्रकार का आदेश नहीं दिया गया। यात्री वाहनों की आवाजाही भी रोजमर्रा की तरह से जारी रही। हालांकि लोगों की आवाजाही कम रही। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन को पाबंदी के लिए आदेश नहीं दिया और न ही घोषणा की। उन्होंने कहा कि कोविड हिदायत का पालन करने के लिए लोगों का सहयोग रहेगा, मगर प्रशासन को निर्देश जारी करना होगा। संवाद