आरएस पुर। कोरोना के दूसरे चरण के संक्रमण के चलते पांच मई से लॉकडाउन लगा दिया गया। अब हालत बेहतर होने पर काफी बदलाव किया गया। इसे परिस्थिति अनुसार आगे बढ़ाया जाए।
इस बार ग्रामीण क्षेत्र में कोरोना का प्रभाव अधिक होने पर कई लोगों को जान तक गंवानी पड़ी। अब कुछ दिनों से पॉजिटिव की संख्या कम होती देख अनलॉक शुरू कर दिया है। आरएस पुरा बाजार एसोसिएशन के प्रधान सचिन चोपड़ा का कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि अब शाम पांच बजे के बजाय आठ तक समय रखा जाए। दूसरी दुकानें तो रुटीन के मुताबिक खुल रहीं, लेकिन रेेहड़ी व फड़ी लगाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष कर शाम को मुर्गा, मछली, आइसक्रीम, गोल गप्पे व चाट आदि लगाने वाले लोगों का घर कर खर्च चला पाना मुश्किल बना है। उन्होंने कहा कि सुबह आठ से शाम आठ बजे तक का समय तय किया जाए, ताकि यह लोग कार्य कर सकें।
मीरां साहिब बाजार कमेटी के प्रधान सुरेंद्र चौधरी का कहना है कि आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को शाम पांच बजे बंद कराया जाए, लेकिन रेहड़ी फड़ी लगाने वाले लोगों को शाम आठ बजे तक का समय दिया जाए ताकि वह परिवार का खर्च चला सकें। प्रशासन की ओर से अनलॉक प्रक्रिया जरूर शुरू की गई है। इसमें बदलाव किया जाना चाहिए। कई व्यवसायी असमंजस के कारण दुकानों को ठीक से संचालित नहीं कर पा रहे। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का अनुपालन भी कड़ाई से कराया जाए ताकि पहले जैसे हालत फिर न बनें। कई लोग इसमें बिना मास्क के ही दिख जाते हैं ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और दुकानदार भी इस ओर विशेष ध्यान रखें।
सुंब में 93 को दी कोविड वैक्सीन की खुराक
सांबा। जिले के सुंब ब्लॉक में शनिवार को घर-घर जाकर कोविड-19 वैक्सीन लगाने के अभियान के रविवार को तीसरे दिन 93 लोगों को सुंब ब्लॉक के आमली पंचायत व समलाह पंचायत में वैक्सीन दी गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार ब्लॉक में शत प्रतिशत वैक्सीन की खुराक दी जा चुकी है।
डॉ. सुचारिता सोढी ने बताया कि नोडल अधिकारी एडीसी सूरम चंद के निर्देश व बीएमओ डॉ. रेनु की देखरेख में उन्होंने अपना लक्ष्य पूर कर लिया है। आज स्वास्थ्य विभाग के साथ राजस्व विभाग के उदयवीर सिंह व पुलिस टीम ने घर-घर जाकर ऐसे लोगों को वैक्सीन की खुराक दी है। जो बिस्तर पर हैं। जो वैक्सीन लगवाना ही नहीं चाहते थे, उन्हें जागरूक कर वैक्सीन की खुराक दी गई है। लोगों को घर-घर जाकर वैक्सीन लगाने के बारे में हर प्रकार से जागरूक भी किया गया। हालांकि कुछ लोगों में असमंजस की स्थिति भी थी जिन्हें भी शीघ्र जागरूक कर वैक्सीन कि खुराक दी गई।
अरनिया में 79 टेस्ट में से एक भी पॉजिटिव नहीं
अरनिया। क्षेत्र में कोविड-19 की महामारी से मिलने वाली राहत लगातार जारी है। कई दिनों से लिए जा रहे सैंपल निगेटिव मिल रहे हैं। रविवार को भी दो स्थानों पर 79 लोगों के सैंपल लिए गए, जिनमें से सभी के सैंपल निगेटिव पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार उप चिकित्सा केंद्र में 14 लोगों के रैपिड एंटीजन टेस्ट किए गए, जो सभी निगेटिव पाए गए। वहीं कूल कलां में 75 लोगों के सैंपल लिए गए वहां भी सभी निगेटिव पाए गए। टीम के अनुसार रैपिड एंटीजन टेस्ट लगातार जारी है। अभी कहीं पर भी संक्रमण का मामला नहीं मिल रहा। जो क्षेत्र के लोगों सहित सभी के लिए राहत भरी खबर है। क्षेत्र में संक्रमितों का आंकड़ा आज भी मात्र 24 पर ही स्थिर रहा। इसके अलावा 20 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। संवाद
सांबा में कोरोना कर्फ्यू में कोई बदलाव नहीं
सांबा। कोरोना की रोकथाम के लिए जारी गाइड लाइन में कोई ही बदलाव नहीं किया गया है। अभी पुराने दिशा निर्देश ही जारी रहेंगे। उपायुक्त अनुराधा गुप्ता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कोरोना कर्फ्यू रात्रि आठ बजे से सुबह 7 बजे तक रहेगा। कोरोना वीकेंड कर्फ्यूू प्रत्येक शुक्रवार शाम 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक जारी रहेगा। वहीं दुकानों के खुलने के समय में कोई कटौती या बढ़ोतरी नहीं की गई है। कोरोना एसओपी की अवहेलना करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घर में रहें, स्वास्थ्य रहें, मास्क पहन कर घर से बाहर निकलें। संवाद
बिश्नाह में कोई भी पॉजिटिव नहीं निकला
बिश्नाह। बिश्नाह और अरनिया में रविवार को 124 रैपिड टेस्ट किए गए। इनमें से किसी की भी रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं निकली। रविवार को वैक्सीन केंद्र में छुट्टी होने के कारण किसी को भी वैक्सीन की डोज नहीं दी गई। बिश्नाह में एक के भी पॉजिटिव नहीं आने से लोगाें में हर्ष का माहौल है। उनका कहना है कि कोरोना के प्रकोप से हर कोई डरा सहमा हुआ था, और अभी भी उसी के साय में है। यह काफी अच्छी खबर सामने आई है कि 124 टेस्ट में एक भी पॉजिटिव नहीं आया है। यह सभी के सावधानी बरतने, एसओपी का पालन करने से हुआ है। संवाद