बिश्नाह। स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को शिविर लगाकर लोगों और सरकारी कर्मचारियों के कोरोना के टेस्ट किए। इस दौरान विकास खंड अधिकारी कार्यालय में तैनात दो सीनियर ग्राम सेवक महिलाएं कोरोना संक्रमित निकलीं। इसके बाद सभी मुलाजिमों के सैंपल लिए गए।
शनिवार सुबह पहले तहसील कांपलेक्स में तहसीलदार सोहन लाल राणा, बीएमओ राकेश मगोत्रा, थाना प्रभारी ताहिर खान सुपरवाइजर सुरजीत कुमार की अध्यक्षता में शिविर लगाया गया। इसमें 48 लोगों के सैंपल लिए गए। उसके बाद ब्लॉक खंड अधिकारी कार्यालय में भी सैंपल लिए गए, जिसमें दो ग्राम सेवक महिलाएं संक्रमित निकलीं। उसके बाद और गंभीरता से काम लिया जा रहा है। बीएमओ राकेश मगोत्रा ने कहा कि हम कोरोना को रोकने के उद्देश्य से कस्बे में फ्री टेस्ट कर रहे हैं, और जगह-जगह शिविर लगा रहे हैं। लोगों से अपील करते हैं कि अपने-अपने टेस्ट कराएं और आधे घंटे में अंदर रिपोर्ट लें। उसी के तहत शुक्रवार को भी हमने 50 लोगों के सैंपल लिए थे। इसमें से एक लड़का पॉजिटिव आया था और शनिवार को भी हमने 48 लोगों के सैंपल लिए, जिसमें दो लोग पॉजिटिव आए हैं। लोगों से अनुरोध है कि खुद टेस्ट कराएं और जागरूक बनें।