जम्मू। कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए शहर के बाजारों और मंडियों में स्वयं वीकेंड लॉकडाउन का चलन बढ़ने लगा है। वेयर हाउस के बाद शहर की प्रमुख अनाज कनक मंडी ट्रेडर्स एसोसिएशन ने भी शनिवार और रविवार को वीकेंड लाकडाउन लगाने का फैसला किया है। इसके अलावा बाजार में रोजाना सुबह 10 से शाम 6 बजे तक ही प्रतिष्ठान खोले जाएंगे। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से रात 7 बजे तक प्रतिष्ठान खोलने की अनुमति दी गई है।
गत दिवस वेयर हाउस ट्रेडर्स एसोसिएशन ने भी शनिवार और रविवार को वीकेंडलाकडाउन का फैसला किया था। कनक मंडी ट्रेडर्स एसोसिएशन के प्रधान अनूप मित्तल ने कहा कि सरकार कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रसार को रोकने में सफल नहीं हो पाई है, जिससे व्यापारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है। कनक मंडी में भी कई संक्रमित मामले सामने आ चुके हैं। अंदेशा है कि आगामी दिनों में कई अन्य बाजार भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। व्यापारियों और आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कनक मंडी में शनिवार और रविवार को वीकेंड लाकडाउन रहेगा। इस लाकडाउन में दवा और दवा की होलसेल दुकानों को बाहर रखा गया है। वहीं, सराफा एसोसिएशन जम्मू के महासचिव विजय कुमार वर्मा ने भी वीकेंड लाकडाउन की वकालत की है। उनका कहना है कि बाजार में पहले से कोरोना के कारण कारोबार प्रभावित है, लेकिन संक्रमण का तेजी से प्रसार होने के कारण खतरा बढ़ा है। जिला प्रशासन को चाहिए कि जिले में वीकेंड लाकडाउन को दोबारा बहाल किया जाए। इससे कुछ हद तक संक्रमण की चैन को तोड़ने में मदद मिल सकती है।