लेह में कोरोना के लगातार केस बढ़ने के कारण कई पाबंदियां लगानी शुरू हो गई है। प्रशासन ने सचिवालय में आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। अधिकारियों ने बताया कि 15 दिसंबर तक सचिवालय में सिर्फ कर्मचारी ही प्रवेश कर सकते हैं। इसके अलावा पूरे संभाग में स्वास्थ्य कर्मी लगातार सैंपलिंग कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करने को कहा है।
जिला जम्मू में भी बीस संक्रमित मामले मिले हैं। शहर के तालाब तिल्लो इलाके में एक ही परिवार के तीन लोग संक्रमित पाए गए, जिससे उनके संपर्क मामलों की तलाश की जा रही है। संबंधित क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट बनाने की तैयारी की जा रही है। कश्मीर में एक संक्रमित मरीज की मौत हुई है।
चिंता यह है कि प्रदेश में मिले कुल मामलों में से 89 यात्री हैं, यानी स्थानीय स्तर के साथ यात्री भी तेजी से संक्रमण का प्रसार कर रहे हैं। जिला रामबन, सांबा, कठुआ, शोपियां, अनंतनाग में कोई संक्रमित मामला नहीं मिला है। प्रदेश के सभी बीस जिलों में सक्रिय मामले हैं। इसमें राजधानी श्रीनगर में सर्वाधिक 569 मामले हैं। प्रदेश में 1687 सक्रिय मामले हैं और अब तक कोविड से 4477 लोगों की मौत हो चुकी है। इसमें कश्मीर संभाग से 2292 मौतें हुई हैं।