जम्मू। जम्मू संभाग का रियासी जिला कोविड संक्रमण के प्रसार के लिहाज से मुख्य केंद्र के रूप में विकसित होता दिख रहा है। इस जिले में वीरवार को चौबीस घंटे के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक 73 लोग संक्रमित मिले, जिसमें सभी यात्री हैं। ये अधिकांश वैष्णो देवी की यात्रा के लिए पहुंचे थे। हालांकि संक्रमित यात्रियों को कोविड प्रोटोकाल के तहत वापस भेजा जा रहा है, लेकिन सवाल यह है कि इतने लंबे रूट से कटड़ा तक पहुंचते हुए ये संक्रमित यात्री संक्रमण का कितना प्रसार कर रहे हैं। इससे कटड़ा में स्थानीय स्तर पर भी संक्रमण का प्रसार होने का खतरा बढ़ा है। इस बीच जम्मू-कश्मीर में कोविड संक्रमण मामलों में उछाल आया है। प्रदेश में नए 176 मामले मिले हैं, जबकि दो संक्रमित मरीजों की मौत हुई है।
जीएमसी जम्मू में कुंजवानी निवासी एक 44 वर्षीय मरीज की कोविड से मौत हुई है। इसके अलावा एसएमवीडीएनएच कटड़ा में भी एक मरीज ने दम तोड़ दिया। जिला रियासी में नियमित संक्रमित यात्रियों के मिलने से स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। वैष्णो देवी की यात्रा के लिए बड़ी संख्या में यात्री जम्मू में भी आ रहे हैं।
श्रीनगर में वीरवार को 21, बडगाम में 10, बांदीपोरा में 10, गांदरबल में 10, जम्मू में 5 संक्रमित मामले मिले। जम्मू-कश्मीर में सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान में 1307 सक्रिय मामले हैं। अब तक प्रदेश में 323061 लोग कोविड से संक्रमित हो चुके हैं और 4395 लोगों की मौत हुई है। हालांकि अभी रिकवरी दर 98 फीसदी तक बरकरार है। वहीं, प्रदेश में 45 से अधिक आयु वर्ग में अनुमानित आबादी पर अब तक 99.63 फीसदी लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। 18 से अधिक सिटीजन वर्ग में अब तक 6261556 लोगों का टीकाकरण किया गया है। अब तक फ्रंट लाइन वर्कर, हेल्थ केयर वर्कर और सिटीजन वर्ग में 6965116 लोगों को टीकाकरण किया गया है।