कोरोना संक्रमण के बीच बाजारों में बढ़ रही भीड़ और लोगों की बेपरवाही ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लोग न तो मास्क पहन रहे और न ही सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं। अब लोगों को सामाजिक दूरी का पाठ पढ़ाने के लिए बाजारों में अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है। ये पुलिस कर्मी लोगों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराएंगे। उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करेंगे।
इसके अलावा रात्रि कर्फ्यू के दौरान भी गश्त बढ़ा दी गई है। एसएसपी चंदन कोहली का कहना है कि शहर में अतिरिक्त पुलिस कर्मियो को तैनात किया गया है, ताकि कोरोना एसओपी का प्रभावी तरीके से पालन हो सके। ट्रैफिक पुलिस और जिला पुलिस मिलकर मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई तेज करेगी।
उन्होंने कहा कि बाजारों में उमड़ रही भारी भीड़ के मद्देनजर दुकानदारों को हिदायतें जारी कर दी गई हैं कि वह दुकानों में रोटेशन में कर्मियों को रखें और उपभोक्ताओं को भी बारी बारी दुकान में आने दें। अगर ऐसा नहीं होगा तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- बारामुला में उच्च संक्रमण दर सबसे अधिक, पिछले सात दिन में जम्मू में सबसे अधिक मौतें
इसके अलावा रात के समय होटल रेस्तरां आदि जगहों पर पार्टियां न हों, इसके लिए संबंधित थानेदारों से कहा गया है कि वह अपने-अपने क्षेत्र में निजी तौर पर पुुलिस टीम के साथ गश्त करेंगे, ताकि कहीं पर कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन न हो। मास्क न पहनने वालों पर कार्रवाई करने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी और सब इंस्पेक्टरों एवं सहायक सब इंस्पेक्टरो को लगाया गया है।