सरकारी मेडिकल कालेज जम्मू का दूसरा दीक्षांत समारोह 20 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है। इसमें अस्सी के करीब युवा डाक्टरों को डिग्रियां दी जाएंगी। कालेज में दीक्षांत समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं।
कालेज सभागार में होने जा रहे इस समारोह की 17 जनवरी को फुलड्रेस रिहर्सल की जाएगी। इस बीच वीरवार को जीएमसी में प्रिंसिपल ने संबंधित विभागों के एचओडी से बैठक कर समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
उल्लेखनीय है कि तीन साल बाद जीएमसी मेडिकल कालेज दूसरे दीक्षांत समारोह का आयोजन कर रहा है। इसमें जम्मू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आरडी शर्मा मुख्य अतिथि रहेंगे। दीक्षांत समारोह में डिग्रियां लेने वाले एमबीबीएस विद्यार्थियों में खासा उत्साह है।
उनका कहना है कि इस बड़े समारोह में उन्हें पदक मिलने से सम्मान बढ़ेगा। इससे पहले यह समारोह विश्वविद्यालय जम्मू में आयोजित किया जाता रहा, लेकिन विवि पर कालेजों का लोड बढ़ने से पिछले कुछ सालों से जीएमसी अपने स्तर पर ही दीक्षांत समारोह का आयोजन कर रहा है।
जीएमसी के अधीक्षक डा. रविंद्र रतनपाल के अनुसार समारोह की तैयारियां तेज की गई हैं। इसमें डिग्री होल्डरों को सूचित कर दिया गया है।