अरनिया। बस अड्डे में पिछले दो साल से तैयार हुई सब्जी मंडी को सुचारु करने को लेकर तहसीलदार अमनदीप सिंह सब्जी मंडी के व्यापारियों के साथ दो अप्रैल को नपा कार्यालय में बैठक करेंगे। इसमें मौजूदा समय में तरेबा मोड़ में चल रही पुरानी सब्जी मंडी को शिफ्ट करने पर जोर दिया जाएगा। इस मौके पर तहसीलदार व्यापारियों से उनका पक्ष रखने के लिए कहेंगे। इसके बाद पुरानी मंडी को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
मौजूदा समय में कस्बे के तरेबा मोड़ में सब्जी मंडी चल रही है। इसके चलते यातायात बाधित हो रहा है। पुरानी मंडी में सुविधाओं का अभाव है। बारिश के चलते व्यापारी, ग्राहक और किसानों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अरनिया नपा की तरफ से 10 लाख रुपये की लागत से बस अड्डे में दो साल से नई सुविधाओं के साथ सब्जी मंडी बनाई गई है लेकिन अभी तक उसे सुचारु नहीं किया गया है।