जम्मू। जम्मू जिले में सकात्मकता दर आठ के पार पहुंच गई है, जिसमें मृत्युदर में भी बढ़ोतरी हो रही है। जिले में सोमवार के बाद मंगलवार को भी कोरोना संक्रमण के मामलों में बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते पांच और माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। यहां धारा 144 लगाने के साथ ही आपात सेवाओं के अलावा सामान्य आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सभी जोन में सौ फीसदी कोविड परीक्षण सुनिश्चित किया जाएगा।
अब तक जिले में पचास के करीब माइक्रो कंटेनमेंट बनाए जा चुके हैं। हालांकि इनमें आधे जोन स्थिति में सुधार के बाद पाबंदियों में ढील की गई है। जिला मजिस्ट्रेट अंशुल गर्ग की ओर से जारी आदेश में बाहू तहसील में बीएसएनएल टावर बाबा फरीद नगर, कुंजवानी के निकट गली क्षेत्र, जम्मू उत्तर तहसील में योगानंदा ध्यान केंद्र ग्रीन पार्क, आफिसर्स इन्क्लेव मुट्ठी के निकट गली क्षेत्र, नगरोटा तहसील के भारत शिव आश्रम पंजग्राईं नगरोटा की गली क्षेत्र, जम्मू उत्तर तहसील के मकान नंबर 105 बी, अल्फा कलेक्शन बसंत नगर जानीपुर के निकट गली क्षेत्र और बाहु तहसील के मकान नंबर 52 सेक्टर सात जेएंडके बैंक त्रिकुटा नगर के निकट गली क्षेत्र को माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है।
आदेश के बाद कई जोन में पुलिस की ओर से तारबंदी कर आवाजाही को रोक दिया है। नए नियमों के तहत एक ही स्थान पर तीन से अधिक संक्रमित मिलने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाने का प्रावधान है। इन जोन में धारा 144 लागू कर दी गई है।
आपात सेवाओं के संदर्भ में जिला प्रशासन की संबंधित वेबसाइट पर चौबीस घंटे चलने वाले हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। सभी जोन में सौ फीसदी कोविड परीक्षण किए जाएंगे। इसमें परीक्षण करवाने से इंकार करने वालों के खिलाफ एफआईआर लगाने का प्रावधान होगा। संबंधित तहसील जोन में माइक्रो कंटेनमेंट एसओपी का पालन सुनिश्चित बनाएंगे। प्रदेश में जिला जम्मू में सर्वाधिक संक्रमित मामले मिल रहे हैं।