उत्तरी कश्मीर में एक बार फिर सैन्य वाहनों को उड़ाने की आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। श्रीनगर-बांदीपोरा राजमार्ग पर प्लांट की गई आईईडी को बरामद कर सुरक्षा बलों ने एक बड़े हादसे को टाल दिया। पूरे इलाके में आतंकियों की धरपकड़ के लिए तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा।
जिले के नादिहाल इलाके में पोपछान के करीब शनिवार की सुबह सेना की 14 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की रोड ओपनिंग पार्टी को इलाके में सड़क किनारे एक संदिग्ध वस्तु दिखी। आईईडी डिटेक्टर और खोजी कुत्तों की मदद से करीब जाकर देखा तो एक सिलिंडर में आईईडी प्लांट की हुई थी। इसके बाद राजमार्ग पर आवागमन रोक दिया गया। साथ ही बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया। आईईडी पर लगे सर्किट को कट कर उसे निष्क्रिय कर दिया गया। इस तरह एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।
उत्तरी कश्मीर में पहले भी हो चुकी हैं कोशिशें
उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा-बारामुला हाईवे पर नौ जून को सैन्य वाहनों के काफिले को उड़ाने की आतंकियों की साजिश को सुरक्षा बलों ने नाकाम किया था। सड़क किनारे प्लांट की गई 10 किलो आईईडी बरामद कर उसे निष्क्रिय किया गया था। 19 मार्च को भी बांदीपोरा जिले के नादिहाल में हायर सेकेंडरी स्कूल के करीब आतंकियों ने आईईडी प्लांट की थी, जिसे समय रहते निष्क्रिय कर दिया गया।
शोपियां में सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला, नुकसान नहीं
जिले के मेल्डोरा में आतंकियों ने शुक्रवार को सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला करते हुए अंधाधुंध फायरिंग की। हालांकि, इसमें किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा बलों की कार्रवाई से बौखलाए आतंकियों ने मेल्डोरा में सेब के बगीचे से छिपकर सेना की पेट्रोलिंग पार्टी पर गोलियां बरसाईं। घटना के बाद सेना ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। अपने को घिरते देख आतंकी वहां से भाग निकले। सेना ने देर शाम तक तलाशी अभियान जारी रखा था।