जम्मू में पहली बार किसी पुलिसकर्मी पर हमला कर शनिवार को एके 47 रायफल छीना जाना एक बड़ी साजिश का हिस्सा हो सकता है। इस मामले में अब तक दो हमलावर पुलिस के हत्थे चढ़े हैं। मुख्य सरगना सहित दो हमलावर अब भी फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए सभी थानों को फोटो भेजते हुए अलर्ट किया गया है।
साथ ही जम्मू संभाग के सभी प्रमुख स्थानों, मंदिरों, हाईवे तथा प्रधानमंत्री के उधमपुर में दो अप्रैल को प्रस्तावित रैली स्थल के आस-पास सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूछताछ में जुटी हुई हैं। उनके यहां के ठिकाने तथा शरणदाताओं का भी पता लगाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की आशंका से भी इनकार नहीं कर रही हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार को घटना के बाद पुलिस ने मकसूद नाम के युवक को पकड़ लिया था। रविवार को नगरोटा में नाके पर चेकिंग के दौरान टवेरा वाहन में श्रीनगर की तरफ जाते एक अन्य हमलावर शाहिद को भी पकड़ लिया गया। हथियार छीनने की घटना का मास्टर माइंड आमिर फरार है।