जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा ने शनिवार को श्रीनगर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि बीते 6 महीनों से कांग्रेस ने पूरे जम्मू-कश्मीर में ‘हमारी रियासत, हमारा हक’ अभियान चलाया है, जिसका मकसद राज्य का पूर्ण दर्जा बहाल करवाना है।
उन्होंने बताया कि अब यह अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है, और इसी क्रम में 21 जुलाई को कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक 'चलो दिल्ली चलो' के नारे के साथ दिल्ली कूच करेंगे। कर्रा ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण होगा और संसद का घेराव कर सरकार तक अपना ज्ञापन और आवाज़ पहुंचाई जाएगी।
तारिक हमीद कर्रा ने कहा हमने पहले ही श्रीनगर और जम्मू से इस अभियान को तेज करने का ऐलान किया था। हमें उम्मीद है कि प्रशासन हमारे शांतिपूर्ण मार्च में कोई बाधा नहीं डालेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि इस अभियान को कांग्रेस नेता राहुल गांधी का समर्थन प्राप्त है और उन्होंने एक पत्र के माध्यम से इंडिया गठबंधन के सभी सहयोगियों को भी इससे जोड़ा है। इस पत्र को 233 सांसदों का समर्थन भी मिल चुका है।
कांग्रेस की यह मांग है कि जम्मू-कश्मीर को पुनः राज्य का दर्जा दिया जाए, जो 5 अगस्त 2019 को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद समाप्त कर दिया गया था। अब कांग्रेस इसे जन-आंदोलन के रूप में देश की राजधानी तक ले जाने की तैयारी में है।