कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आरएस चिब ने पीडीपी-भाजपा गठबंधन सरकार पर आरोप लगाया है कि उसके कार्यकाल में अब तक रियासत में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल बना है। कांग्रेस नेताओं की ओर से जारी प्रेस बयान में चिब ने कहा कि जम्मू में एम्स पर भ्रम की स्थिति पैदा की गई है। यहां प्रधानमंत्री से लेकर भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व इस मसले पर चुप्पी साधे बैठा है। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह कभी एक तो कभी दूसरी तरह का बयान देकर भ्रम की स्थिति को और अराजक बना रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि गठबंधन सरकार के न्यूनतम साझा कार्यक्रम में कश्मीर में एम्स का जिक्र है। जम्मू में नहीं है। इस मामले में भाजपा को अपनी स्थिति को साफ करना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने एम्स के लिए जम्मू में चल रहे आंदोलन को पूर्ण समर्थन का ऐलान किया है। हस्ताक्षरित बयान में एमएलसी जुगल किशोर शर्मा, पूर्व सांसद जनक राज गुप्ता, पूर्व मंत्री गुलचैन सिंह चाढ़क, पूर्व मंत्री आरएस चिब, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ठाकुर हरि सिंह, पूर्व डिप्टी चेयरमैन अरविंद्र सिंह मिक्की, पूर्व मंत्री प्रेम सागर अजीज, जगदीश सपोलिया, अशोक शर्मा, अमोलक सिंह, हुकुम चंद शर्मा शामिल है।
ध्रुवीकरण की सियासी बंद हो: मीर
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गुलाम अहमद मीर ने भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि भाजपा की जन विरोधी नीतियों और सांप्रदायिक एजेंडे को लोगों ने अब नकार दिया है और देश में समय की मांग हैं कि ध्रुवीकरण की सियासत बंद हो। बनिहाल में रविवार को कांग्रेस अधिवेशन में मीर ने कहा कि भाजपा ने देश के अलावा रियासत में सत्ता में आने के लिए सियासत का ध्रुवीकरण किया। उन्होंने कहा कि लोग अब भाजपा के असली चेहरे को समझ गए है। उन्होंने पीडीपी भाजपा गठबंधन सरकार पर आरोप लगाया कि सौ दिनों के कार्यकाल में हर क्षेत्र में नाकाम रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ उपप्रधान शाम लाल शर्मा ने कहा कि जम्मू संभाग में धोखे से लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर 25 सीटें लेने वाली भाजपा अब अपनी जमीन खो चुकी है। अच्छे दिन के नारे की असलियत लोगों को पता चल चुकी है। अधिवेशन में विधायक विकार रसूल वानी, विधायक गुलजार अहमद वानी, मोहम्मद अमीन भट्ट, पूर्व विधायक योगेश साहनी, एमएलसी शाम लाल भगत, अशोक डोगरा आदि मौजूद रहे। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रविंद्र शर्मा के अनुसार किश्तवाड़ में सोमवार को कांग्रेस का अधिवेशन होगा। उनका कहना हैं कि जम्मू में सेना के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कांग्रेस नेता हर शहीद के अंतिम संस्कार में पहुंचकर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की।