कांग्रस के देशव्यापी अभियान के तहत मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जम्मू स्थित गोल मार्केट गांधीनगर में केंद्र की नोटबंदी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। नोटबंदी को आम आदमी के खिलाफ बताया गया। इसके अलावा अनुच्छेद 370 सहित अन्य मुद्दों पर सत्ता के लिए भाजपा पर आत्मसमर्पण करने के आरोप लगाए गए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपप्रधान रमण भल्ला ने कहा कि देश में नोटबंदी को बिना किसी तैयारी के लागू कर दिया गया। इससे छोटे उद्यमियों, श्रमिक और गरीब तबके के लोगों को बुरी तरह से प्रभावित होना पड़ा है। नोटबंदी से देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है। उन्होंने भाजपा को सत्ता लोभी पार्टी बताया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की कमजोर हुई अर्थव्यवस्था पर अपनी स्थिति स्पष्ट करें। उन्होंने कहा कि राज्य की विधानसभा में अनुच्छेद 370 पर मुख्यमंत्री के बयान पर भाजपा नेताओं ने चुप्पी साधकर साफ कर दिया है कि वे सत्ता के लिए कुछ भी सहने को तैयार हैं।
'राष्ट्र विरोधी लोगों को अनुग्रह राशि के साथ रोजगार दिए जा रहे हैं'
कांग्रेस का प्रदर्शन
- फोटो : डेमो फोटो
चुनावों में भाजपा ने 370 पर जनता से वोट मांगे थे, लेकिन आज यही दल जनता के हितों से खिलवाड़ करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। घाटी के राष्ट्र विरोधी लोगों को अनुग्रह राशि के साथ रोजगार दिए जा रहे हैं। अमरनाथ यात्रा की अवधि में लगातार कटौती की जा रही है। नेकां-कांग्रेस के गठबंधन में यात्रा को बढ़ावा दिया गया था।
उन्होंने राशन की किल्लत के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि आज जनता को आटे चावल के लिए दरबदर होना पड़ रहा है। सरकार स्मार्ट, मेट्रो सिटी और गंडोला प्रोजेक्ट को पूरा करने में विफल रही है।
केंद्र और राज्य सरकार 1947, 1965 और 1971 के रिफ्यूजियों के साथ इंसाफ नहीं कर पाई है। प्रदर्शन में पूर्व एमएलसी रविंद्र शर्मा, महासचिव विक्रम मल्होत्रा, अनिल चोपड़ा, तिलक राज गुप्ता, जय सिंह, सतीश शर्मा आदि शामिल रहे।