जम्मू। शहीदी चौक स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शनिवार को पार्टी के अल्पसंख्यक विंग की ओर से एक कार्यक्रम हुआ। इसमें वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों से जनता परेशान है। जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यक आयोग को लागू किए बिना अल्पसंख्यक समुदाय का विकास संभव नहीं है। वहीं, उपराज्यपाल से अल्पसंख्यक आयोग को लागू करवाने के लिए हस्तक्षेप की अपील की है।
पार्टी के उपाध्यक्ष रमण भल्ला ने कहा कि महंगाई को लेकर हाल ही में हुए चुनाव में जनता ने भाजपा को आइना दिखाया है। देशभर में कांग्रेस नेतृत्व की प्रतिबद्धता और विरोध के चलते मोदी सरकार को पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ा है। हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और देश के अन्य हिस्सों में हाल के उपचुनावों में मोदी नेतृत्व को जनता ने नकारा है। सरकार ने किसानों, मजदूरों, छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों सहित आम लोगों की आकांक्षाओं की अनदेखी की है। अल्पसंख्यक विभाग के उपाध्यक्ष एस. गुरदर्शन सिंह ने जम्मू-कश्मीर में अल्पसंख्यकों की समस्याओं पर प्रकाश डाला। वहीं, उपराज्यपाल से अल्पसंख्यक आयोग को लागू करवाने के लिए हस्तक्षेप करने की अपील की। राज्य समन्वयक माइकल वजीर ने कहा कि पार्टी का अल्पसंख्यक विंग समुदाय के हितों के लिए निरंतर संघर्षरत है। पार्टी में सतनाम सिंह, शाम लाल गिल, हुमायु पाल, गुरिंदर सिंह, विनोद सोत्रा आदि शामिल हुए।